मिर्जापुर। महंत शिवाला में हिस्ट्रीशीटर के भतीजे की शादी के दौरान हर्ष फायरिंग में भाजपा नेता के भाई की मौत के मामले में डीआईजी विन्ध्याचल परिक्षेत्र रामकृष्ण भारद्वाज की फटकार के बाद पुलिस जागी। ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पांच असलहों को जब्त किया। लाइसेंसधारियों पर आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कर निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शादी में शामिल कई और लोगों को चिह्नित किया गया है जो असलहे के साथ कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। पुलिस ने शादी से जुड़ी वीडियो क्लिप और फ़ोटो कब्जे में लेकर ऐसे लोगों की पहचान कर रही है।
पुलिस ने मौत की वजह हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगना बताया। मामले एक आरोपी फारुख के समर्पण और एक असलहा बरामद दिखाकर पुलिस मामले की इतिश्री में जुटी थी। लेकिन डीआईजी ने जब कार्रवाई की समीक्षा की तो उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को चेतावनी दी। उन्होंने शादी में शामिल एक-एक असलहाधारी को चिह्नित कर असलहों के जब्तीकरण और निरस्तीकरण की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। डीआईजी ने कहा कि एक भी आरोपी बचना नहीं चाहिए। डीआईजी की सख्ती के बाद पुलिस ने शादी की वीडियो, फ़ोटो के माध्यम से विवाह में शामिल लोगों की पहचान कर तलाश शुरू की। इसके बाद पांच असलहे जब्त किए गए। वहीं कई और चिह्नित लोगों की तलाश की जा रही है। अवैध असलहे या ऐसे किसी अन्य स्थिति में उक्त व्यक्ति पर भी कार्रवाई की जाएगी।
पैसे को लेकर रंजिश में हुई थी भाजपा नेता के भाई की हत्या
मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के महंत शिवाला स्थित सरजू उद्यान मैरिज लान में शादी समारोह में भाजपा नेता के भाई की हत्या मामले में पुलिस ने मुख्य हत्यारोपी और उसके दो साथियों को पथरहिया औद्योगिक संस्थान गेट के पास से गिरफ्तार किया। उनके पास से पिस्टल, दो कारतूस बरामद किए। मामले का खुलासा एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने बुधवार को कटरा कोतवाली में किया। मामले में भदोही में तैनात वन दरोगा का पुत्र भी शामिल है।
बता दें कि कटरा कोतवाली क्षेत्र के महंत शिवाला स्थित एक लान में रविवार को हिस्ट्रीशीटर अवधराज सिंह के भतीजे अमरदीप सिंह का शादी समारोह में भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्वी नगर अध्यक्ष आकाश गुप्ता के भाई आशीष गुप्ता की गोली लगने से मौत हो गई थी। आकाश की तहरीर पर पुलिस ने मो. फारुख के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। आकाश गुप्ता ने आरोप लगाया कि शादी में रामबाग निवासी मो. फारुख ने पुरानी रंजिश के कारण पिस्टल से उसके भाई के पेट में गोली मार दी। भाई का मित्र देवेश गुप्ता निवासी चौबे टोल वहां मौजूद था। उसने सूचना दी। सूचना पर आशीष को ट्रामा सेंटर ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो गई। एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि गोली मारने वाले मो. फारूख निवासी डॉ. गफूर की गली रामबाग, हत्या के समय मौजूद सत्यम सिंह निवासी पुरानी तहसील की गली वासलीगंज और हत्या में प्रयुक्त पिस्टल को छिपाने वाले अमन निवासी तरकापुर को गिरफ्तार किया गया है। फरार चौथे आरोपी एहतेशामुद्दीन उर्फ बबूल साट निवासी अमानगंज कोतवाली कटरा की तलाश की जा रही है। सत्यम सिंह के पिता वन दरोगा हैं। जो भदोही में तैनात हैं। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि आशीष गुप्ता से पैसे को लेकर पुरानी रंजिश थी। सरजू उद्यान में विवाद होने पर मो. फारूख ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से आशीष के पेट में गोली मारी।
...................................
लान मालिक, पुलिस कमिर्यों पर कोई कार्रवाई नहीं
मिर्जापुर। बारात में गोली लगने से मौत मामले और ताबड़तोड़ हुए हर्ष फायरिंग मामले में मैरिज लान संचालक, शादी कराने वाले आयोजक, स्थानीय थाने की पुलिस जिम्मेदार होती है। कटरा कोतवाली क्षेत्र के महंत शिवाला स्थित सरजू उद्यान में रविवार को शादी में जमकर फायरिंग हुई। पुलिस ने देर से ही सही पांच हर्ष फायरिंग करने और असलहे का प्रदर्शन करने पर पांच लोगों का असलहा जब्त किया,पर लान मालिक, शादी करने के आयोजक पर कोई कार्रवाई नहीं की। न ही किसी पुलिसकर्मी को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया गया।