मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के भैंसहिया टोला में सोमवार की सुबह वारंटी को पकड़ने गए दारोगा और सभासद में विवाद हो गया। इस पर दारोगा ने सभासद को पीट दिया। घटना से क्षुब्ध लोगों ने भैंसहिया टोला तिराहे पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पाकर पहुंचे कटरा कोतवाल शफीक अहमद ने लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया। कोतवाल ने बताया कि सभासद जयराम उपाध्याय के भाई के नाम से गैर जमानती वारंट था। दारोगा शशिकांत यादव उसे गिरफ्तार करने गए थे, जिनसे सभासद का विवाद हो गया।
उपनिरीक्षक शशिकांत यादव सोमवार को सुबह भैंसहिया टोला में एक वारंटी को गिरफ्तार करने गए थे। आरोप है कि उसी दौरान वार्ड नंबर 18 के सभासद ने उनसे विवाद कर लिया। इससे क्षुब्ध दारोगा ने उसकी पिटाई कर दी। इसपर मोहल्लेवासी आक्रोशित हो गए और तिराहे पर जाम लगा दिया। कोतवाल ने दारोगा को हल्के से दूसरे स्थान पर भेजने का आश्वासन दिया। इस पर जाम समाप्त हुआ। कोतवाल ने बताया कि शशिकांत यादव को भैंसहिया से हटाकर अब स्टेशन की बीट दे दी गई है। उधर, सभासद का कहना था कि किसी वारंटी के बारे में पूछताछ करनी है तो पहले कागज दिखाएंगे तभी उसका नाम पता चलेगा और कुछ बताया जाएगा।