मडि़हान। एक माह पूर्व कुत्ते के काटने से मडि़हान थाना क्षेत्र के शारदा का पुरा गांव निवासी एक युवक की शनिवार की देर रात मौत हो गई। परिजनों ने मौत का जिम्मेदार स्वास्थ्य विभाग को ठहराया है।
शारदा का पुरा गांव निवासी दिनेश कुमार (40) व चार अन्य लोगों को मार्च महीने में एक कुत्ते ने काट लिया था। दिनेश एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए उसी दिन पटेहरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर गया था। जहां सुई न होने की बात बताते हुए चिकित्सकाें ने उसे वापस कर दिया था। इंजेक्शन नहीं लगने पर दिनेश ने गांव में ही झाड़ फूंक कराना शुरू कर दिया। बताया जाता है दिनेश की आर्थिक स्थिति खराब होने के चलते वह मिर्जापुर आकर सुई नहीं लगवा पा रहा था, बीते शनिवार को उसकी हालत बिगड़ गई और वह कुत्ते की तरह भौंकने लगा। परिजन किसी तरह से पकड़कर उसे मिर्जापुर ला रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि अगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक ने एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवा दिया होता तो दिनेश की मौत नहीं होती है। बताया जाता है गांव के अरविंद कुमार, गोपाल, नागेंद्र कुमार को भी सुई नहीं लगने के कारण हालत खराब हो गई है। क्षेत्र की ब्लाक प्रमुख पन्ना देवी ने आरोप लगाया है कि पटेहरा प्राथमिक स्वास्थ पर न तो सुई है ना ही दवा है। चिकित्सक तथा अन्य स्टाप भी केंद्र पर कभी कभा आते हैं। ग्रामीण महिलाओं का प्रसव चिकित्सक के बजाय एएनएम से कराया जाता है।