मिर्जापुर। नगर के एएसजे इंटर कालेज में बृहस्पतिवार को अभ्युदय कोचिंग के छात्र-छात्राओं को टैबलेट का वितरण किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री रमाशंकर सिंह पटेल ने 127 को टैबलेट का वितरण किया।
आईएएस, पीसीएस, जेईई, नीट आदि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी प्रदेश सरकार द्वारा चलायी जा रही अभ्युदय योजना के तहत कराई जा रही है। समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रदेश के ऊर्जा राज्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल के दृष्टिगत छात्र-छात्राओं को स्कूलों में कक्षाओं एवं कोचिंग सेंटर के संचालित न होने के दौरान यह टेबलेट आनलाइन क्लास लेने में महत्वपूर्ण कड़ी साबित होंगे। नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा प्रतिभावान व मेधावी, लगनशील एवं परिश्रमी सभी संवर्ग के छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ाने के लिये निशुल्क शिक्षा अभ्युदय योजना के तहत मुहैया करा रही है। विधायक मझवा शुचिस्मिता मौर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री के द्वारा संचालित यह योजना प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ाने के लिए है। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए मूल मंत्र दिया। कार्यक्रम का संचालन जुबली इंटर कालेज के प्रधानाचार्य राजेन्द्र तिवारी ने किया। इस अवसर पर उप निदेशक समाज कल्याण केएन गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीश दूबे के अलावा अन्य अधिकारी व अध्यापक उपस्थित रहे।