मंगलवार को थाना क्षेत्र के गांव बाकर नगर ने धर्मवीर पाल की बेटी की बरात आई हुई थी। शाम करीब छह बजे के करीब चढ़त हो रही थी। जैसे ही डीजे धार्मिक स्थल के निकट पहुंचा तो एक व्यक्ति ने अपने दूसरे साथी के साथ जबरन डीजे को बंद कराने का प्रयास किया और डीजे की गाड़ी में तोड़फोड़ कर डाली। इस पर बराती व ग्रामीणों ने हंगामा किया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस मौके पर पहुंच गई और वहां हंगामा कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया।
भोपा सीओ देवव्रत वाजपेई, थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि डीजे मालिक भूपेंद्र निवासी भगवानपुरी थाना सिखेड़ा ने बाकरनगर निवासी जैद के विरुद्ध थाने पर तहरीर दी है। मामला पूरी तरह शांत है, जांच पड़ताल की जा रही है। उधर, दुल्हन के पिता का कहना था कि आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई के बाद ही वह अपनी बेटी को घर से विदा करेगा। पुलिस ने दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों को बुलाकर एक बैठक भी की, जिसमें दोनों पक्षों के लोगों ने शांति सौहार्द की बात कही।