पश्मिची यूपी में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। सोमवार रात से शुरू हुई बारिश मंगलवार को भी दिन भर जारी रही। वहीं बुधवार को भी सुबह से ही आसमान पर बादल छाए रहे। बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया और तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
पश्चिमी यूपी में बुधवार को सभी जिलों में रिमझिम बारिश ने मौसम खुशनुमा कर दिया। मेरठ, बागपत व बिजनौर समेत सभी जिलों में बारिश हुई। बारिश से जहां लोगों गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों की फसलों के लिए भी बारिश लाभदायक साबित होगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी तीन से चार दिन तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
बता दें कि मेरठ समेत कई जिलों में पिछले दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ था। सोमवार को आसमान पर पूरा दिन बादल छाए रहे, लेकिन बरसात नहीं हुई। सोमवार देर रात मौसम ने करवट बदली और झमाझम बारिश हुई।
मंगलवार को सुबह से ही आसमान पर बादल छाए रहे और दिन भर रिमझिम बारिश हुई। इससे तापमान में कमी आई और मौसम खुशनुमा हो गया। बुधवार को भी सुबह से ही बारिश हो रही है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अभी चार सितंबर तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।