लालपुर के ग्रामीणों ने किया चुनाव बहिष्कार का एलान
भावनपुर। लालपुर के शिवा हत्याकांड में निर्दोष युवकों को फंसाए जाने का आरोप लगाते हुए रविवार को ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार का ऐलान कर दिया। उन्होंने चेताया कि जब तक हत्याकांड की सीबीआई जांच की घोषणा नहीं होती, तब तक गांव का कोई भी व्यक्ति मतदान नहीं करेगा।
लालपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में धरने पर बैठे ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2017 में नवीपुर गांव निवासी शिवा की स्कूल से लौटते वक्त हत्या कर दी गई थी। तब ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। आरोप है कि पुलिस ने किरकिरी से बचने के लिए गांव के ही नीटू, सुमित, कपिल, अजय, आशीष और अनुज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया और उन्हें जेल भेज दिया। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने गलत तरीके से निर्दोष युवकों का जीवन खराब किया है। इन युवकों का शिवा हत्याकांड से कोई लेना देना नहीं है। बावजूद इसके उनको और उनके परिवार को इतनी बड़ी सजा दी गई। उन्होंने बताया कि गांव का एक एक व्यक्ति सीबीआई जांच की मांग कर रहा है। जब तक कोई अधिकारी आकर भरोसा नहीं दिलाता है, तब तक इस विधानसभा चुनाव में गांव का कोई भी मतदाता अपने मत का प्रयोग नहीं करेगा। उन्होंने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के प्रति भी नाराजगी व्यक्त की।