एक्यूआई में आई बढ़ोतरी
सोमवार को मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम आर्द्रता 81 और न्यूनतम 59 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा दो से चार किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। हालांकि तेज धूप के कारण मेरठ में एक्यूआई में बढ़ोतरी दर्ज की गई। शहर का एक्यूआई 88 पर पहुंच गया।
मंगलवार को मौसम में गर्मी और उमस बरकरार रही, लेकिन आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया। मेरठ में शहर से लेकर देहात तक और आसपास के कई जिलों में हल्की बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञ डॉ. यूपी शाही का कहना है कि बुधवार से मौसम पूरी तरह साफ रहेगा।
बिजली की आंखमिचौली जारी, लोग परेशान
विद्युत अभियंताओं के आंदोलन का असर बिजली आपूर्ति पर पड़ने लगा है। सोमवार को भी बिजली की आंखमिचौली जारी रही। मांगों को लेकर पिछले एक सप्ताह से पीवीवीएनएल अभियंता आंदोलन की राह पर है। अभी तक आंशिक रूप से कार्य बहिष्कार कर रहे अभियंताओं ने सोमवार से पूर्ण कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। इसका असर बिजली आपूर्ति पर पड़ना शुरू हो गया है। सोमवार को शहर के लिसाड़ी गेट, विकासपुरी, नौचंदी, लेडीज पार्क, सेंट लुक्स, रेलवे रोड, पीएल शर्मा अस्पताल, बेगमपुल, टाउन हाल, शारदा रोड, रामलीला ग्राउंड, हापुड़ रोड बाईपास, माधवपुरम, मोहकमपुर, रोहटा रोड पर बिजली कटी।