तोहफापुर के 23 घरों समेत 31 जगह मिला लार्वा
जिले में डेंगू के अब तक 205 मरीज मिल चुके हैं। इनमें 103 सक्रिय मरीज हैं, इनमें 54 अस्पतालों में भर्ती हैं और 49 घर पर रहकर इलाज करा रहे हैं, जबकि 102 मरीज ठीक हो चुके हैं। जिला मलेरिया विभाग की टीम को घर-घर किए जा रहे सर्वे अभियान में 31 घरों में लार्वा मिला है। सभी को नोटिस दिए गए हैं।
सबसे ज्यादा 23 घरों में परीक्षितगढ़ ब्लॉक के गांव तोहफापुर में लार्वा मिला है। गगन विहार, कसेरू बक्सर, नंगला बट्टू और जयभीमनगर में लार्वा मिला है। फ्रिज के पीछे प्लेट, टायरों, कूलर, खुले में रखे जूते, जल पात्र और गमलों आदि में लार्वा भरा पड़ा है। अब तक 310 नोटिस दिए जा चुके हैं। जिला मलेरिया अधिकारी सत्यप्रकाश ने बताया कि इन स्थानों पर मलेरिया विभाग कंटेनर सर्वे, एंटी लार्वा स्प्रे और फॉगिग करा रहा है।
कासमपुर में बुखार से तप रहा हर घर, चार की हो चुकी मौत
माछरा के स्वामीपुर कासमपुर में तीन दर्जन से ज्यादा लोग बुखार की चपेट में हैं। चार लोगों की बुखार से मौत भी हो चुकी है। प्रधान संजीवदत्त शर्मा ने बताया कि गांव में ऐसा कोई घर नहीं बचा है, जहां लोग बुखार से पीड़ित न हों। ग्रामीण खेमचन्द सैनी ने बताया कि गांव के तालाब मे गंदगी भरी होने के कारण पानी दूषित हो गया है। माछरा सीएचसी प्रभारी डॉ. आलोक नायक ने बताया कि स्वामीपुरा कासमपुर में कैंप लगाकर 50 सैंपल लिए गए थे। बुखार के मरीजों को दवा भी बांटी गई थी।
मेडिकल और जिला अस्पताल में ओपीडी तीन हजार के पार
जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में सोमवार को ओपीडी में तीन हजार से ज्यादा मरीज पहुंचे। ज्यादा मरीज बुखार, खांसी, जुकाम और त्वचा रोगों आदि के आ रहे हैं।
कोरोना का कोई मरीज नहीं मिला
सोमवार को 6384 लोगों के सैंपलों की जांच की गई, जिनमें कोरोना का कोई मरीज नहीं मिला है। कोरोना के तीन सक्रिय केस हैं, जिनमें से एक अस्पताल में भर्ती है और दो होम आइसोलेशन में हैं।