सहारनपुर पुलिस की लापरवाही उस वक्त उजागर हुई जब एक महिला एसएसपी के पास शिकायत लेकर पहुंची। महिला का आरोप है कि पुलिस ने अपने गुड वर्क के चक्कर में उसके विदेश में रह रहे बेटे और बुजुर्ग पति को हथियार फैक्टरी पकड़े जाने के मामले में आरोपी बना दिया है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस ने अपने गुड वर्क के चक्कर में एक निर्दोष परिवार को फंसा दिया। पुलिस ने गांव के ही एक युवक और उसके पिता को हथियार फैक्टरी पकड़े जाने के मामले में दोषी बना दिया जबकि आरोपी बनाया गया युवक विदेश में है और उसका पिता बुजुर्ग है। पीड़ित परिवार की महिला बुधवार को एसएसपी के समक्ष न्याय की गुहार लगाने पहुंची।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार जनपद में बड़गांव थानाक्षेत्र के गांव सापला निवासी हाजरा ने कहा कि उसके पुत्र नईम को पुलिस ने तमंचा फैक्ट्री चलाने का आरोपी बना दिया और पति मुस्तकीम को मुख्य आरोपी दिखाया, जबकि उसका पति बुजुर्ग और पुत्र विदेश में है।
आरोप लगाया कि पुलिस ने अपने गुड वर्क के चक्कर में उनके परिवार को फंसा दिया और इसमें उसके बेटे के ससुरालियों का भी हाथ है। पीड़िता ने एसएसपी से मामले की शिकायत की।
एसएसपी आकाश तोमर ने सीओ देवबंद को जांच के आदेश दिए हैं। एसएसपी का कहना है कि इसमें जिन भी पुलिसकर्मियों की लापरवाही पाई गई है। उनके खिलाफ जांच के बाद एक्शन लिया जाएगा ल। पीड़िता ने सीसीटीवी फुटेज का वीडियो भी एसएसपी को दिया है।
बता दें कि 12 मई को थाना बड़गांव पुलिस ने अवैध हथियारों की फैक्ट्री पकड़ी थी। पुलिस ने मामले में हाजरा के पति मुस्तकीम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था और पुत्र नईम को को फरार बताया था।