मेरठ में कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि प्रियंका गांधी को अवैध रूप से हिरासत में रखा गया। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि जनता का दमन करने में प्रदेश सरकार ने अंग्रेजों को भी पीछे छोड़ दिया है।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को सीतापुर में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पश्चिमी यूपी के कई जिलों में धरना प्रदर्शन किया। वहीं मेरठ में इंदिरा चौक पर एकत्र होकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने गिरफ्तारी दी। कांग्रेस कमेटी मेरठ ने यूपी कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रियंका गांधी की रिहाई के लिए बुढ़ाना गेट स्थित कांग्रेस कार्यालय पर आपात सभा आयोजित की। इसके बाद आज दोपहर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने इंदिरा चौक से गिरफ्तारी दी। वहीं सहारनपुर और बिजनौर में भी कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी की रिहाई की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया।
इंदिरा गांधी प्रतिमा के पास धरना
मेरठ में कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि प्रियंका गांधी को अवैध रूप से हिरासत में रखा गया। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि जनता का दमन करने में प्रदेश सरकार ने अंग्रेजों को भी पीछे छोड़ दिया है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने पर हापुड़ रोड स्थित इंदिरा गांधी प्रतिमा के पास सांकेतिक धरना दिया। महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी की अगुवाई में पदाधिकारी जुटे।
बिजनौर में प्रियंका गांधी को रिहा कराने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठे। वहीं सहारनपुर में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को सीतापुर में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन पहुंचा दिया। वहीं पुलिस लाइन में जमा हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।