मुजफ्फरनगर में नूनाखेड़ा और ढिंढावली के बीच दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। उधर, रतनपुरी क्षेत्र में भी सड़क हादसा हुआ है। हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
फुगाना थाना क्षेत्र के हसनपुर निवासी सहेंद्र (60) पुत्र तिलकराम बाइक पर सवार होकर अपनी रिश्तेदारी मुकुंदपुर से वापस गांव लौट रहा था। जब वह ढिंढावली और नूनाखेड़ा के बीच सावटू के रास्ते पर पहुंचा, तो सामने से एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक तेज गति से आ रहे थे। इसी बीच दोनों बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में सहेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक चला रहा आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें: खौफनाक मंजर: भरभराकर गिरा दो मंजिला मकान, इलाके में मची चीख-पुकार, देखिए हादसे की तस्वीरें
हादसे के बाद आदित्य के साथ बाइक पर सवार उसके दोनों साथी मौके से फरार हो गए। वहीं आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बुजुर्ग के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आदित्य को गंभीर हालात के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: भीषण आग से मचा हाहाकार : दुकान के भीतर जलती रहीं तीन जिंदगी, गूंजती रही बेबस परिजनों की चीत्कार
उधर, रतनपुरी क्षेत्र में हाईवे पर रायपुर नंगली के पास सड़क हादसा हो गया। बताया गया कि बाइक सवार 25 वर्षीय युवक सुमित पुत्र सुभाष निवासी मंदवादी थाना फलावदा मेरठ को कार ने टक्कर मार दी। युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।