विधानसभा चुनाव के लिए सघन प्रचार में जुटे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव दावा करते हैं कि जनता ने भाजपा का सफाया करने का मन बना लिया है। पहले चरण के चुनाव में मतदाता भाजपा को नकार चुके हैं। उत्तर प्रदेश में अब झूठ का हवाई जहाज नहीं उतरेगा। कानून व्यवस्था के मुद्दे पर वह भाजपा पर पलटवार करते हैं। कहते हैं, एनसीआरबी के आंकड़े उठाकर देखिए। महिलाओं पर देश में कुल अपराधों में से आधे उत्तर प्रदेश में हैं। माफिया क्रिकेट खेल रहे हैं और पुलिस कप्तान फरार चल रहे हैं। उनका दावा है कि सपा सरकार बनने पर कानून व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने अमर उजाला से विशेष बातचीत में कहा है कि डबल इंजन सरकार में किसानों की आमदनी आधी हो गई और महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार दो गुना हो गया। उन्होंने पुरानी पेशन बहाली और 14 दिन में गन्ना मूल्य भुगतान के लिए कॉरपस कार्पस फंड बनाने और 300 यूनिट मुफ्त बिजली के लिए बजट में धन का प्रावधान करने की घोषणा को फिर दोहराया। कहा कि अपने चुनाव क्षेत्र करहल में मैं एक बार और जाऊंगा। उन्होंने कहा, पहले चरण से साफ हो चुका है कि भाजपा का सफाया तय है। पश्चिमी यूपी के लोगों ने बता दिया कि अब भाईचारा चलेगा। बांटने वाली ताकतों को वोट नहीं मिलेंगी। मुझे इस बात की खुशी है कि किसानों और नौजवानों ने बढ़चढ़ कर सपा-रालोद गठबंधन को समर्थन दिया।