राजस्थान के उदयपुर में कन्हैया लाल की हत्या को लेकर पूरे देश में विरोध-प्रदर्शन हो रहा है। वहीं मेरठ में सरूरपुर थाना पुलिस ने गांव मैनापूठी गांव से दो लोगों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है। बताया गया कि आरोपियों ने उदयपुर की घटना को लेकर आतिशबाजी की थी। इसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने शहजाद पुत्र मंजूर, मंजूर पुत्र बुंदू निवासी मैनापूठी को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया। आरोपियों के पास से पटाखे भी बरामद हुए हैं।
वहीं फेसबुक पर उदयपुर की घटना के वीडियो पर लाइक कर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले आरोपी को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से पोस्ट करने वाला मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
उदयपुर में नुपुर शर्मा के समर्थक की हत्या के बाद पश्चिमी यूपी में अलर्ट
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या भडकाऊ पोस्ट जारी करना भारी पड़ेगा। मेरठ में इसके लिए एसएसपी ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। जो भी माहौल खराब करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar News : मां को लहूलुहान देख निकली बेटे की चीख, वारदात से हर तरफ दहशत
ये दिए निर्देश
- किसी भी धर्म के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी न करें। ऐसा करना कानूनी अपराध है।
- कोई भी गलत मैसेज फारवर्ड न करें। ऐसे मैसेज अफवाह और गलत खबर हो सकती हैं। ऐसा करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- कोई भी ऐसा वीडिया या तस्वीर फारवर्ड न करें, जिससे दो वर्ग या धर्म के लोगों को ठेस पहुंचे।
- सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस लगातार ऐसे लोगों पर नजर रखी रही है, जो गलत टिप्पणी कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर भडकाऊ पोस्ट या मैसेज फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर पूरी निगरानी रखी जा रही है।
- रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी