दोनों सगे भाइयों के फाइल फोटो।
- फोटो : amar ujala
मेरठ के बहसूमा में रामराज गंग नहर में दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। नहर में नहाते समय छोटे भाई को बचाने के लिए बडे़ भाई ने भी छलांग लगा दी, लेकिन वह भी पानी में समा गया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। दोनों भाइयों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सोमवार को दुल्हैंडी के दिन दोपहर के समय रामराज के मोहल्ला आर्यनगर निवासी ब्रह्मपाल प्रेमीजी के दो बेटे नितिन वाल्मीकि (21 वर्ष) और गुरुदत्त वाल्मीकि (19 वर्ष) दो अन्य साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर रामराज गंग नहर में नहाने के लिए गए थे। नहाते हुए छोटा भाई पानी में डूबने लगा तो बड़े भाई ने उसे बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी, लेकिन दोनों भाई पानी में समा गए।
साथियों ने शोर मचाया तो तभी वहां से गुजर रहे दो युवकों ने उन्हें बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। युवकों ने पानी में तलाश कर किसी तरह उन्हें बाहर निकाला। दो सगे भाइयों के डूबने की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दुल्हैंडी के त्योहार पर दो सगे भाइयों की मौत से रामराज के मौहल्ला आर्यनगर में मातम छा गया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा नेता विपेंद्र सुधा वाल्मीकि ने परिजनों को समझा-बुझाकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया।
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसा: तीन सिपाही की मौत, दो की हालत गंभीर, मेरठ के लिए रेफर
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पिता ब्रह्मपाल व माता दहाड़े मार-मारकर रो रही थी। परिवार में दो बड़ी बहनें शादीशुदा हैं। परिजनों में कोहराम मचा है। लोग यही कहते दिखे कि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, चर्चा है कि दोनों भाई सेल्फी लेते हुए नहर में समाए हैं। वहीं परिजनों ने साथी युवकों पर संदिग्धता जताई है। लेकिन परिजनों ने थाने में कोई तहरीर नहीं दी है। उधर, थानाध्यक्ष मुकेश कुमार का कहना है कि नहर हादसे की तहरीर आएगी तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/