ढाई हजार लीटर लहन और 25 लीटर कच्ची शराब बरामद
हस्तिनापुर। कच्ची शराब के सेवन से बिहार में हुई करीब आठ लोगों की मौत से आबकारी विभाग हरकत में आ गया है। जिले के कई आबकारी निरीक्षकों की टीम ने थाना पुलिस के साथ रविवार को खादर क्षेत्र के दर्जनों गांवों में छापा मारा। इस दौरान 2500 लीटर लहन और 25 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई।
संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ जोन एवं उप आबकारी आयुक्त मेरठ मंडल के नेतृत्व में अवैध शराब के कारोबार एवं अवैध शराब की बिक्री पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने के उद्देश्य से रविवार को खादर क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इसमें जनपद के सभी आबकारी निरीक्षक एवं मंडल के समस्त जिलों के आबकारी निरीक्षकों की संयुक्त टीम ने थाना पुलिस के साथ खादर क्षेत्र में अवैध शराब माफिया के खिलाफ अभियान चलाया। टीम ने खादर क्षेत्र के गांव किशनपुर, लतीफपुर, रठौरा खुर्द मोड़ तारापुर, भीकुंड आदि में संदिग्ध स्थानों पर गहनता से तलाशी अभियान चलाया।
आबकारी निरीक्षक ज्योति अग्रवाल ने बताया कि छापे के दौरान खादर क्षेत्र से लगभग 25 सौ लीटर लहन एवं 25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। बरामद शराब और लहन को टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। हालांकि, कोई भी शराब माफिया टीम के हत्थे नहीं चढ़ा। आबकारी विभाग के इतने बड़े अमले को देखकर कच्ची शराब बनाने वालों में खलबली मची रही। आबकारी विभाग के जाते ही क्षेत्र के कुछ प्रमुख स्थानों पर शाम को शराब की बिक्री शुरू हो गई।
अवैध शराब पर नहीं लगा प्रतिबंध
खादर क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार बड़े पैमाने पर होता है। थाना पुलिस और आबकारी विभाग समय-समय पर अभियान चलाते हैं। परंतु अवैध शराब माफियाओं की जड़ इतनी मजबूत है कि उन्हें उखाड़ फेंकना असंभव है जिसके चलते इस अवैध शराब के कारोबार पर पूर्ण रूप से अंकुश नहीं लग पाता। अवैध शराब के कारोबार में कई लोग अभी तक जेल जा चुके हैं। उसके बावजूद कारोबार फल फूल रहा है।