वन्यजीवों के अवशेष के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, उपकरण भी बरामद
हस्तिनापुर। वन विभाग की टीम ने मंगलवार शाम हस्तिनापुर रेंज के वन्य जीव विहार में स्थित गांव खोड़ दयालपुर के जंगल से जंगली जीवों के अवशेष और शिकार करने में प्रयोग किए जाने वाले उपकरणों के साथ दो लोगों को पकड़ा है।
वन्य जीव विहार में बड़े पैमाने पर जंगली जीवों का शिकार करने की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को मिली थी। जिन्हें पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम पिछले कई दिनों से लगी हुई थी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार शाम मुखबिर की सूचना पर वन विभाग की टीम ने खोड़ दयालपुर गांव के जंगल में छापा मारा। वन विभाग के अधिकारियों को मौके से कई जंगली जीवों के अवशेष प्राप्त हुए, जिनमें सेही के कांटे, हिरन के सींग, जंगली जीवों के शिकार करने में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद हुए। इस मामले में दो लोगाें को पकड़ा। टीम ने तुरंत डीएफओ राजेश कुमार को सूचना दी। जिनके निर्देश पर वन अधिनियम अपराध के तहत इस मामले में संलिप्त और गिरफ्तार हुए दोनों के खिलाफ वन विभाग के अधिकारियों द्वारा कार्यवाही की गई।
क्षेत्रीय रेंजर नवरत्न सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। उच्च अधिकारियों के निर्देश इनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।