मुजफ्फरनगर शहर के सिनेमाघरों को डीएम की अनुमति का इंतजार है। तीन सिनेमा ने अनुमति के लिए डीएम को आवेदन किया है। अनुमति मिलने के बाद ही सिनेमा का संचालन होगा।
प्रदेश सरकार ने सिनेमाघरों के संचालन के लिए 15 अक्तूबर से अनुमति दी है। शहर में तीन सिनेमाघर हैं, जिनमें मॉल में चलने वाला कॉर्निवाल, चंद्रा और माया मल्टी प्लेक्स शामिल हैं। इन तीनों के संचालकों ने प्रदेश सरकार की गाइड का अनुपालन करते हुए डीएम सेल्वा कुमारी जे को अनुमति के लिए प्रार्थना पत्र दिया है।
डीएम की अनुमति मिलने के बाद ही सिनेमा का संचालन होगा। इसमें एक दो दिन अभी लग सकते हैं। 15 अक्तूबर से कोई सिनेमा नहीं चल पाएगा। माया मल्टी प्लेक्स के संचालक प्रणाव गर्ग का कहना है कि हमारे सामने सबसे पहले दर्शकों की सुरक्षा है।
सुरक्षा के तमाम उपाय करने के बाद ही संचालन होगा। हमारा यह प्रयास है कि किसी को भी परेशानी न हो। हम अपने यहां अच्छी व्यवस्था दे पाएं। डीएम से अनुमति मिलने के एक दिन बाद ही हम संचालन शुरू कर पाएंगे। शहर में केवल तीन सिनेमा ही चलेंगे।
बागपत में अभी नहीं खुलेंगे सिनेमाघर, नई फिल्म आने का कर रहे इंतजार
अनॅलाक-5 में सरकार ने 15 अक्तूबर से 50 फीसदी दर्शकों के साथ मल्टीप्लेक्स और थियेटर को खोलने की अनुमति दी है। इसके बाद थियेटर संचालकों ने युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी है। मगर, बागपत जनपद में सिनेमाघर अभी नहीं खुल रहे हैं। आई-म्यूजिका मल्टीप्लेक्स के मैनेजर सुधाकर ने बताया कि छह माह से बंद पड़े मल्टीप्लेक्स में साफ-सफाई व रंग-रोगन किया जा रहा है।
संचालक भास्कर दत्त शर्मा व शिवेन्दू शर्मा का कहना है कि तैयारियां जोरों पर है, बस नई फिल्मों के आने का इंतजार चल रहा है। उम्मीद है कि नवंबर माह में कुछ नई फिल्में आएगी। उसी के साथ मल्टीप्लेक्स को दर्शकों के लिए खोल दिया जाएगा।
शासन की छूट मिलने के बाद भी गुरुवार से सिनेमाघर नहीं खुलेंगे। सिनेमाघर चालकों ने अभी हॉल बंद ही रखने का फैसला किया है। अभी सिनेमाघर संचालक बाजार के हाल को देखना चाहते हैं। साथ ही कोई नई फिल्म भी रिलीज नहीं हो रही है।
जिले में सात सिनेमाघर संचालित हैं। लॉकडाउन से पहले ही सिनेमाघरों में फिल्मों का प्रदर्शन रोक दिया गया था। अब सरकार ने 15 अक्तूबर से फिल्मों के संचालन को हरी झंडी दी है। 50 प्रतिशत दर्शकों के साथ सिनेमाघरों को शुरू करने की अनुमति दी है। साथ ही सैनिटाइजेशन व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने की हिदायत दी गई है। लेकिन जिले का कोई भी सिनेमाघर गुरुवार से फिल्म का शो शुरू नहीं करेगा।
सहारनपुर: मल्टीप्लेक्स, सिनेमाघर तैयार, दर्शकों का इंतजार
करीब सात माह के लंबे इंतजार के बाद मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों को गुरुवार से खोलने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इनके संचालकों की ओर से सिनेमाघरों में साफ-सफाई के अलावा सैनिटाइजेशन, बुकिंग काउंटर, कैफेटेरिया, सीटिंग प्लान, गार्ड और सहायक स्टाफ की तैनाती के लिए बुधवार को काम शुरू कर दिया गया।
कोविड-19 की बंदिशों के कारण सिनेमाघर खुलने के बावजूद दर्शकों की संख्या कम रहने की ही उम्मीद है। संचालकों का कहना है कि उनकी ओर से कोविड नियमों का पालन करते हुए ही दर्शकों का मनोरंजन करने के प्रयास किए जाएंगे।
अभी तो अपडेट कर रहे, शुक्रवार से शुरू करेंगे संचालन
शहर के प्रमुख टू स्क्रीन मल्टीप्लेक्स सिनेलव के प्रबंधन से जुड़े निशांत गुप्ता ने बताया कि शासन ने 15 अक्तूबर से सिनेमाघर चलाने के निर्देश दिए हैं, लेकिन अभी कोविड नियमों के अनुरूप सैनिटाइजेशन, सोशल डिस्टेंसिंग, आधी सीटों पर बुकिंग, हॉल एरिया की सफाई, स्क्रीन और ऑपरेटिंग मशीनों को दुरुस्त करने का काम चल रहा है।
रिलीज होने वाली फिल्म के लिए मुंबई में वितरण कंपनियों से संपर्क किया जा रहा है। इसलिए शुक्रवार से ही शुरुआत हो सकेगी। दिल्ली रोड स्थित जीएनजी मॉल में भी साफ-सफाई सहित अन्य काम कराए जा रहे हैं। यहां भी शुक्रवार से ही शो संचालित किए जाने की बात कही गई है
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/