कब्रिस्तान में पक्की कब्र तोड़ी।
- फोटो : amar ujala
मेरठ के लावड़ कस्बे में दलित बस्ती के पीछे शिया समुदाय के कब्रिस्तान में पक्की कब्र तोड़ने पर समुदाय के लोगों में रोष फैल गया। लोगों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मोहर्रम के दौरान शिया समुदाय के लोग कब्रिस्तान जाकर अपने बुजुर्गों की कब्र की साफ सफाई करते हैं और फातिया पढ़कर उनका आशीर्वाद लेते हैं।
वजाहत ने बताया कि वह अपने दादा की कब्र की सफाई करने आया था। इस दौरान उसे दादा की कब्र टूटी हुई मिली, जिस पर उसने समुदाय के लोगों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने कब्र क्षतिग्रस्त देखी तो उनमें रोष फैल गया। अथर हुसैन, मौहम्मद अब्बास, नवाब हैदर, सज्जाद अब्बास, अमीर अब्बास, वसी, अय्यूब हैदर आदि ने बताया कि पूर्व में सांसद चौधरी मुनव्वर हसन ने कब्रिस्तान की चारदीवारी कराई थी। लेकिन, सालों पहले उसे भी तोड़ दिया गया। चारदीवारी तोड़ दिए जाने के कारण दलित बस्ती में रहने वाले लोग यहां कूड़ा डालते हैं। कुछ लोगों ने कब्रिस्तान में ही अपने बिटौडे बना रखे हैं। कई बार इसको लेकर तहसील में भी शिकायत की गई। लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत में कई बार चारदीवारी कराने की मांग की जा चुकी है। वजाहत ने चौकी पर अज्ञात युवक के खिलाफ कब्र क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
एसओ इंचौली श्योपाल सिंह कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। मामले की जानकारी लेकर कार्रवाई काई जाएगी।