लिफ्ट लेकर बाइक सवार का उड़ा लिया पर्स, एक आरोपी गिरफ्तार
दौराला। बाइक सवार को दो युवकों को लिफ्ट देना महंगा पड़ा गया। युवकों ने उसकी जेब से पर्स उड़ा लिया। सूचना पर पुलिस ने एक युवक को दबोच लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। आरोपी से एक पर्स व मोबाइल बरामद हुआ है। मुकदमा दर्ज आरोपी को जेल भेज दिया।
बुढ़ाना गेट निवासी बंटी ने बताया कि बुधवार देर रात वह खतौली से बाइक पर सवार होकर मेरठ जा रहा था। सकौती गांव के सामने पेट्रोल पंप के पास दो युवकों ने उससे लिफ्ट ली। वह युवकों को लेकर चला तो एक युवक ने उसकी जेब से पर्स निकाल लिया। शक होने पर उसने पर्स चेक किया तो जेब में पर्स नहीं था। शोर मचाने पर दोनों युवक भागने लगे। पीड़ित की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और भाग रहे एक युवक को पकड़ लिया। जबकि, दूसरा युवक भाग निकला।
पूछताछ में आरोपी युवक ने अपना नाम धीरज पुत्र भगवान निवासी वाजिद सगौली थाना कुंडली सोनीपत हरियाणा बताया। जबकि, अपने फरार साथी का नाम कुलदीप बताया। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए युवक के पास से पर्स व एक मोबाइल बरामद किया गया है। मुकदमा दर्ज कर युवक को जेल भेज दिया। उसके साथी की तलाश की जा रही है।