दिनदहाड़ेे बदमाशों ने फिर की महिला से लूटपाट
मेरठ। हसनपुर चौकी के पास व्यापारी से 14.90 लाख की लूट का मामला ठंडा भी नहीं हुआ कि बाइक सवार बदमाशों ने फिर मंगलवार को दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। बदमाशों ने एक महिला से कुंडल लूट लिए। इसकी जानकारी पर पुलिस पहुंची। शुरूआत में तो पुलिस मामले को छिपाने में लगी रही, लेकिन बाद में जांच कर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
भावनपुर थाना क्षेत्र के जिठौली गांव निवासी मामचंद अपनी पत्नी किरण और भाभी सुषमा देवी के साथ बाइक पर मेडिकल कॉलेज आए थे। दोपहर कोरोना की वैक्सीन लगवाकर लौट रहे थे। गढ़ रोड स्थित मंगलम हॉस्पिटल के पास बाइक पर सवार दो बदमाश पीछे से आए और पीछे बैठी महिला सुषमा के कुंडल नोंच लिए। छीनाझपटी में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह गिरने से बच गए। इससे पहले मामचंद मामले को समझते कि बदमाश वहां से कुंडल लेकर भाग गए।
दिनदहाड़े महिला से लूट का पता लगते ही लोगों की भीड़ लग गई। भावनपुर पुलिस पहुंची। पुलिस ने मामचंद और दोनों महिलाओं से जानकारी ली और फिर बदमाशों को ढूंढने की बात कही। मामचंद की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। महिला के कान में चोट आई है। उनका एक निजी हॉस्पिटल में उपचार कराया गया।
इस वारदात केे बाद लोगों ने नाराजगी जताई और कहा कि 15 दिन पहले हसनपुर पुलिस चौकी के पास व्यापारी अमित अग्रवाल से लूट हुई थी। इस घटना को पुलिस खोल नहीं सकी। भावनपुर पुलिस की कार्यशैली पर पुलिस ने आरोप लगाए हैं। एसपी देेहात केशव कुमार का कहना है कि पुलिस बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करेगी।
---
अपाचे बाइक पर कर रहे वारदात
- पुलिस ने बताया कि बदमाश काले रंग की अपाचे बाइक से वारदात को अंजाम दे रहे हैं। व्यापारी से लूट के मामले में भी बदमाशों पर काले रंगे की अपाचे बाइक थी और इस घटना में भी इसी रंग की बाइक बताई है। वारदात करने के बाद बदमाश कहां पर छिप जाते हैं, इसका पता लगाने में भावनपुर पुलिस फेल साबित हो रही है।