सोतीगंज के छह कबाड़ी सरेंडर की तैयारी में
मेरठ। पुलिस की कुर्की कार्रवाई की प्रक्रिया के बीच सोतीगंज के वांछित छह कबाड़ियों ने सरेंडर की तैयारी कर ली है। इनमें शातिर कबाड़ी हाजी गल्ला के अलावा उसके चार बेटे और एक कर्मचारी शामिल है।
तीन माह पूर्व सदर बाजार पुलिस ने सोतीगंज के कबाड़ियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने इस मामले में कुल 16 कबाड़ियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की थी। जल्द ही छापा मारकर सात कबाड़ियों को सलाखों के पीछे भी भेज दिया था। वांछित चल रहे नौ कबाड़ियों के यहां 82 की कार्रवाई (कुर्की नोटिस) की, जिसके बाद एक वांछित कबाड़ी जीशान पव्वा ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
अब वांछित छह और कबाड़ियों ने सरेंडर प्रार्थना पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया। जिन कबाड़ियों ने सरेंडर प्रार्थना पत्र डाला है, उनमें सोतीगंज निवासी हाजी नईम उर्फ गल्ला, उसके बेटे इलाल, बिलाल, फुरकान, अलीम व कर्मचारी शोएब शामिल है। ऐसी स्थिति में पुलिस को 83 की कार्रवाई के लिए कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है। दो अन्य कबाड़ी भी सरेंडर प्रार्थना पत्र दाखिल कर सकते हैं।