मेरठ। यूपी बोर्ड के तहत होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा का रिजल्ट 20 से 25 अप्रैल 2020 के बीच घोषित किया जाएगा। 17 से 26 मार्च तक मूल्यांकन होगा। सूबे के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग में यह घोषणा करते हुए इसकी तैयारी करने के दिशा-निर्देश दिए।
वीडियो कांफ्रेंसिंग में मेरठ के एनआईसी भवन में संयुक्त शिक्षा निदेशक ओपी द्विवेदी और जिला विद्यालय निरीक्षक गिरजेश चौधरी मौजूद रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी 2020 से शुरू हो रही हैं और छह मार्च तक चलेंगी। हिदायत दी गई है कि जनवरी में सिलेबस को खत्म कर दिया जाए। सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे और राउटर लगवा दिए जाएं। जनवरी माह में ही इसे सुनिश्चित कर दिया जाए। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। डीआईओएस ने बताया कि मेरठ में 101 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 75 परीक्षा केंद्रों पर राउटर लगा दिए गए हैं, जबकि 26 केंद्रों में लगने अभी बाकी हैं। मॉनिटरिंग के लिए राजकीय इंटर कॉलेज में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जिसमें कई बड़ी स्क्रीन लगाई जाएंगी। एक स्क्रीन पर 10 से ज्यादा विद्यालयों की मॉनिटरिंग होगी। विद्युत सप्लाई बाधित न हो, इसके लिए कंट्रोल रूम और परीक्षा केंद्रों पर जेनरेटर की व्यवस्था की जाएगी। इस बार परीक्षा केलिए पंजीकरण कराने वाले हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 86 हजार 280 परीक्षार्थी (इंटरमीडिएट 43274 और हाईस्कूल 43006) हैं।