मोदीपुरम। महाराणा प्रताप सेवा संस्थान के कार्यकर्ता सोमवार को सिवाया टोल प्लाजा पहुंचे। सम्राट मिहिर भोज प्रतिहार को लेकर चल रहे विवाद को लेकर टोल प्लाजा पर हंगामा हों गया जिससे टोल फ्री करा दिया गया। टोल अधिकारी और दौराला पुलिस ने कार्यकर्ताओं को शांत कराया गया । एसडीएम ने आकर कार्यकर्ताओं से ज्ञापन लिया।
कहा कि गौतमबुद्ध नगर स्थित दादरी कॉलेज में सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा स्थापित की जा रही है और राजपूत समाज के सम्राट मिहिर भोज को गुर्जर समुदाय के लोग गुर्जर का बताकर इतिहास के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। इसकी वे कड़ी निंदा करते है।
मुख्यमंत्री द्वारा प्रतिमा का निर्माण कराना षड्यंत्र है, जिससे समाज नाराज है। आगामी चुनाव में इसका नुकसान उठाना पड़ेगा। क्षुब्ध लोगों ने हंगामा करते हुए टोल फ्री करा दिया, बैरिकेडिंग के रूप में रखे गए ड्रमों को फेंक दिया। लगभग ढाई घंटे तक हंगामा चला और टोल फ्री रहा। सूचना पर टोल अधिकारी और दौराला पुलिस पहुंची। समाज के लोगों को काफी समझाने का प्रयास किया, परंतु वे नहीं माने।
इसके बाद सीओ दौराला आशीष शर्मा और एसडीएम सरधना अमित कुमार भारतीय मौके पर पहुंचे। लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यदि 22 सितंबर से पहले दादरी में होने वाले कार्यक्रम को नहीं रोका गया, तो अनिश्चित कालीन धरना देंगे। जल्द ही मेरठ के कमिश्नर व जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री व राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। वहीं, ढाई घंटे तक टोल फ्री होने से लाखों का नुकसान हुआ है।
इतिहास के साथ कि जा रही है छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं
राजपूत जागृति अभियान के पदाधिकारियों ने सोमवार को जिलाधिकारी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। गुर्जर समाज के कुछ व्यक्तियों पर राजपूत इतिहास के साथ छेेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है । संरक्षक शीलेंद्र सिंह चौहान, संस्थापक पंकज सिंह, मदनपाल पुंडीर, प्रेमपाल सिंह, राहुल, नरेश सोम, प्रताप, बाल किशोर, सत्यवीर सिंह ने बताया कि राजपूत राजाओं-महाराजाओं अनंगपाल तोमर, सम्राट पृथ्वीराज चौहान, महाराजा मिहिर भोज को गुर्जर समाज का घोषित कर जगह-जगह इनकी मूर्तियां व शिलालेख लगाने का प्रयास किया जा रहा है। दादरी में भी महाराजा मिहिर भोज की मूर्ति स्थापित कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनावरण करने का प्रयास किया जा रहा है, जो कि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस प्रकार की गतिविधियों पर रोक लगाई जाएगी ।