सिर से तमंचा सटाकर बोला आई हेट यू और चला दी गोली
मेरठ। परीक्षितगढ़ के नारंगपुर गांव में सिरफिरे राजेश उर्फ रज्जू ने शिवानी के सिर में तमंचा सटाकर आई हेट यू बोला और गोली चला दी। गोली लगते ही खून से लथपथ शिवानी जमीन पर गिर पड़ी। हत्यारोपी जोर-जोर से चिल्ला रहा था। उसके हाथ में तमंचा था और वह बार-बार लोगों को गोली मारने की धमकी दे रहा था। जिसके चलते हत्यारोपी को पकड़ने का गांव वाले साहस नहीं जुटा पाए और फरार हो गए।
हत्यारोपी राजेश उर्फ रज्जू जबरन शिवानी से शादी करने की जिद पर अड़ा था। सिरफिरा उसे जान से मारने की धमकी देता था। सोमवार को शिवानी परचून दुकान पर सामान लेने के बाद पड़ोसी की बच्ची को खिला रही थी। इसी दौरान राजेश वहां पर पहुंचा और शिवानी की जान ले ली। गोली लगते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी ने तमंचा लहराया और धमकी दी कि अगर कोई उसके सामने आया तो गोली मार दूंगा। जिसमें चलते लोग उसके रास्ते से हट गए और वह आसानी से भाग गया। घटना की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रकिया शुरू की और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने कई जगह दबिश दी, लेकिन हत्थे नहीं चढ़ा।
एक सप्ताह से हत्या की फिराक में था राजेश
एसपी देहात केशव कुमार के मुताबिक ग्रामीणों ने बताया कि एक सप्ताह से राजेश शिवानी को मारने की फिराक में घूम रहा था। कभी गाड़ी चढ़ाने तो कभी चाकू से हमला करने का प्रयास किया था। राजेश शादीशुदा होने के बावजूद शिवानी से शादी करने की जिद पर अड़ा था। जिस पर युवती आपत्ति करती थी।