सभासद के खिलाफ पुलिस ऑफिस पर हंगामा
मेरठ। किठौर थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर से आए लोगों ने एक सभासद के खिलाफ बुधवार को पुलिस आफिस पर जमकर हंगामा काटा। उनका आरोप था कि सभासद प्रधानमंत्री आवासीय योजना के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बना रहा है। इस संबंध में नगर पंचायत शाहजहांपुर कार्यालय का भी एक पत्र अफसरों को सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई।
हंगामा करने वालों में शामिल वकीला पत्नी मुस्तकीम ने बताया कि उसने प्रधानमंत्री अवासीय योजना के तहत नगर पंचायत शाहजहांपुर में आवेदन किया था। क्षेत्र के सभासद ने लिस्ट में नाम शामिल कराने के नाम पर उनसे 15 हजार रुपये ऐंठ लिए। अब तक सूची में नाम नहीं आया है। वह सभासद से मिली। आरोप है कि सभासद ने अवैध वसूली का दबाव बनाया और अभद्रता की। इसी तरह अन्य कई लोगों से करीब पांच लाख रुपये ठगने का आरोप है। उन्होंने लिखित पत्र देकर सभासद व उसके सहयोगियों पर कार्रवाई की मांग की।