झाल बनेगी पिकनिक स्पॉट, हाइड्रो पावर प्लांट घूमेंगे छात्र
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए सलावा झाल को पिकनिक स्पॉट बनाया जा रहा है। इसके साथ यहां झाल पर स्थित हाइड्रो पावर प्लांट को स्कूली छात्र-छात्राओं के शैक्षिक भ्रमण के रूप में विकसित किया जा रहा है। कमिश्नर सुरेंद्र सिंह ने दोनों कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
मेजर ध्यानचंद खेल विवि के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों को 31 दिसंबर तक पूरा किया जाना है। सोमवार को एडीजी, कमिश्नर, आईजी, डीएम-एसएसपी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सलावा झाल पुलिस चौकी में सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
दूसरे जिलों से आएंगे 15 हजार खिलाड़ी
डीएम के. बालाजी ने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 25 खिलाड़ियों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शनी का भी आयोजन होगा। इसमें स्पोर्ट्स इंडस्ट्री के स्टाल और अन्य स्टाल लगेंगे। खेल विवि का मॉडल भी प्रदर्शित किया जाएगा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना आदि के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित करेंगे। दूसरे जिलों से 15 हजार खिलाड़ी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आएंगे।
प्रधानमंत्री से एमडीए कराएगा पीएम आवासों का लोकार्पण
एमडीए की ओर से लोहियानगर और शताब्दीनगर में बने प्रधानमंत्री आवास योजना का लोकार्पण भी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इसके लिए दोनों योजनाओं के 20-20 लाभार्थियों को चाबी भी पीएम के हाथ से दिलाने की योजना बनाई गई है। एमडीए ने लोहियानगर, शताब्दीनगर और सरायकाजी में 1088 पीएम आवास तैयार किए हैं। प्रशासन की ओर से सभी विभागों को विभिन्न योजनाओं का लाभ ले रहे लाभार्थियों को बुलाने की तैयारी की गई है।
मुख्य मार्गों की सफाई में जुटा नगर निगम
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए नगर निगम भी मुख्य मार्गों पर सफाई व्यवस्था में जुट गया है। सोमवार को अपर नगरायुक्त ममता मालवीय, सहायक नगरायुक्त ब्रजपाल सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गजेंद्र सिंह ने सफाई कर्मचारियों को साथ लेकर बाईपास पर सफाई अभियान चलाया।
आज कंसल्टेंट फाइनल कर देगा खेल विवि का डिजाइन
खेल विवि के लिए डीडीएफ कंसल्टेंट ने डिजाइन को अंतिम रूप दे दिया है। मंगलवार शाम तक कंसल्टेंट की ओर से डिजाइन फाइनल हो जाएगा, जिसे 29 दिसंबर को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे पर दिखाया जाएगा। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सलावा में हैलीपेड बनाया जा रहा है। कंसल्टेंट की ओर से थ्री-डी नजारा भी तैयार किया जा रहा है। इस डिजाइन के लिए कई तरह के प्रोटोटाइप बनाए गए थे। एक मंदिरनुुमा आकार में खेल विवि का प्रमुख परिसर दिखाई दे सके।