रविवार के मुकाबले एक्यूआई में 50 अंकों की कमी आई है। एनसीआर में ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई सर्वाधिक, जबकि गुरुग्राम का सबसे कम दर्ज किया गया। दिल्ली में सुबह स्मॉग छाया रहा, जो धूप निकलने के बाद कम होता गया।
विशेषज्ञों के अनुसार, हवा की दिशा व गति बदलने से स्मॉग छा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को हवाएं उत्तर-पूर्व व उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर से चलीं। इस दौरान हवा की गति 4 से 12 किमी प्रति घंटा रही।
बिजनौर में मिल रही शुद्ध हवा
कोहरे के साथ सर्दी बढ़ने से पहले हवा की सेहत बिगड़ रही है। इससे लोगों के लिए सांसों का संकट खड़ा हो सकता है। इस दौरान एक्यूआई मुजफ्फरनगर और गाजियाबाद में 220, शामली में 205, ग्रेटर नोएडा में 299 और नोएडा में 229 दर्ज किया गया। सहारनपुर में कोहरे के साथ ही वायु प्रदूषण बढ़ गया। 24 घंटे पहले जो एक्यूआई 110 था, वह 200 तक पहुंच गया। वहीं बागपत में 105 और बिजनौर में एक्यूआई 78 रहा।
आज बेहद खराब हो सकती है स्थिति
मंगलवार को उत्तर-पूर्व दिशा से हवाएं चलने का अनुमान है, जिनकी गति 4 से 16 किमी प्रतिघंटे हो सकती है। सुबह धुंध छाए रहने का भी अनुमान है। इस दौरान हवा बेहद खराब श्रेणी में रह सकती है। सफर इंडिया के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली में पीएम 2.5 की मात्रा करीब 124 दर्ज की गई, जोकि खराब श्रेणी में है। वहीं, पीएम 10 की मात्रा करीब 215 दर्ज की गई।