सीसीएसयू गेट पर फार्च्यूनर सवार ने होमगार्ड पर पिस्टल तानी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर सोमवार को फार्च्यूनर सवार ने होमगार्ड पर पिस्टल तान दी। इस पर हंगामा हो गया। होमगार्ड का कसूर इतना था कि वह दीक्षांत समारोह को लेकर तैयार की गई सुरक्षा व्यवस्था में ड्यूटी दे रहा था। इससे पहले मामला तूल पकड़ता कि आरोपी होमगार्ड को जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। बाद में मेडिकल थाने में तहरीर दी है।
सीसीएस यूनीवर्सिटी में बुधवार को होने वाले दीक्षांत समारोह के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। यहां बाहरी युवकों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। मुख्य द्वार पर ड्यूटी दे रहे होमगार्डों को हिदायत दी गई है कि वह बिना प्रवेश पत्र देखे किसी को प्रवेश न दें। सोमवार दोपहर होमगार्ड ड्यूटी पर थे। तभी एक सफेद रंग की फार्च्यूनर कार गेट की ओर बढ़ी। कार में कुछ युवक सवार थे। एक होमगार्ड ने कार को रोका तो अंदर बैठे दो युवक बाहर निकल आए और होमगार्ड पर बरस पड़े। होमगार्डों ने सुरक्षा और निर्देशों का हवाला दिया तो वह अभद्रता पर उतर आए। आरोप है कि होमगार्ड के साथ धक्कामुक्की करते एक युवक ने पिस्टल भी तान दी। इस पर हंगामा हो गया। काफी संख्या में होमगार्ड एकत्र हो गए। तभी आरोपी युवक जान से मारने और वर्दी उतरवाने की धमकी देकर फरार हो गए। एक आरोपी की पहचान बिलाल गाजी के रूप में हुई है। पुलिस को पूरा मामला बताया गया। बाद में होमगार्ड विजयपाल, महेश कुमार, बलवीर सिंह, राजेश कुमार, चंद्रपाल सिंह व ओमप्रकाश ने मेडिकल थाने में तहरीर दी है।
---
पूर्व सांसद का बताया जा रहा रिश्तेदार
- जिस बिलाल गाजी पर पिस्टल तानने का आरोप लगा है, वह कोतवाली निवासी पूर्व सांसद का रिश्तेदार बताया जा रहा है। वह अक्सर यूनीवर्सिटी कैंपस में देखा जाता है। काफी संख्या में बाहरी युवक उसके साथ होते हैं। यह भी चर्चा है कि बिलाल गाजी यूनीवर्सिटी का छात्र नहीं है। वह अपनी कार पर एक सियासी दल से जुड़े छात्र संगठन का स्टीकर लगाकर खुलेआम घूमता है। चार दिन पहले भी वह करीब 30 से ज्यादा युवकों के साथ बीजेएमसी डिपार्टमेंट के पास देखा गया था और वहां कुछ युवकों से उसकी नोंकझोक भी हुई थी।
---
सीसीएसयू के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी जा रही है। आरोपियों को चिह्नित कर उनको जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। - विनीत भटनागर, एसपी सिटी