करनावल में महापंचायत 19 को, रालोद नेेताओं और किसानों ने की नुक्कड़ सभाएं
सरूरपुर। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ कस्बा करनावल में एक महीने से चल रहे किसानों के धरने को समर्थन देने 19 जनवरी को रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी पहुंचेंगेे। महापंचायत सफल बनाने को लेकर रालोद नेताओं और किसानों ने दर्जनों गांवों में नुक्कड़ सभाएं की।
कस्बा करनावल में किसानों की 19 जनवरी की महापंचायत को सफल बनाने के लिए मंगलवार को वरिष्ठ रालोद नेता सुनील रोहटा, डॉ. राजकुमार सांगवान, राहुल देव, यशवीर सिंह आदि ने भावा नंगला, भलसोना, रतौली, कक्केपुर, छुर आदि गांवों में नुक्कड़ सभाएं की।
वहीं, करनावल में आंदोलनरत किसानों की गठित कमेटी के सदस्यों ने भी महापंचायत को सफल बनाने के लिए क्षेत्र के हर्रा, खिवाई, मैनापूठी, कलीना, हसनपुर रजापुर, सरूरपुर, रामपुरमोती व जसड़ सुलताननगर आदि गांवों में नुक्कड़ सभाएं की। महापंचायत में 26 जनवरी को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। इस दौरान चौधरी रूपेश सभासद, कंवरपाल, महावीर दरोगा, आनंदपाल, सुंदर, आकाश, अरुण फोगाट, राजपाल सिंह, मास्टर राजपाल, नरेश पंडित, कालूराम, उम्मेद व ब्रह्मपाल आदि रहे।
तालान खाप के चौधरी को हिरासत में लिया
सरधना। किसान आंदोलन से जुडे़ तालान खाप के चौधरी सुधीर तालियान को रविवार को गाजियाबाद पुलिस ने हिरासत में लेकर सरधना की सलावा चौकी भिजवा दिया। छुर गांव से किसान व समर्थक सलावा चौकी पहुंचे और छोड़े जाने की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
छुर गांव निवासी सुधीर तालियान तालान खाप के चौधरी भी हैं। रविवार सुबह वह गाजीपुर बॉर्डर से लोनी बार्डर को घेरने के लिए किसानों के साथ जा रहे थे। इसी बीच गाजियाबाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और सलावा चौकी भेज दिया। समर्थक भी सलावा चौकी पहुंचे और उन्हें छोड़े जाने की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए। धरने सिकंदर प्रधान, मदन पहलवान, ब्रह्मपाल सिंह, यशबीर सिंह, प्रेम पाल सिंह, अनूप चौधरी आदि शामिल रहे।
डूंगर गांव से किसान दिल्ली रवाना
रोहटा। दिल्ली बॉर्डर पर आंदोलनरत किसानों के धरने में शामिल होने के लिए रविवार को क्षेत्र के डूंगर गांव से सैकड़ों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में रवाना हुए। धरने में शामिल होने जा रहे किसानों को सतेंद्र पूनिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। धरने में जाने वालों में सचिन, सतीश कुमार, मोनू, संत कुमार, रमेशपाल, गुड्डू, मनोज, अनिल, सुरेश, मनवीर, ओमवीर, सुभाष, महकी आदि शामिल रहे।