11 अगस्त को अंगूठी खरीदने के बहाने रेकी कर गया था बदमाश
मेरठ। सेंट्रल मार्केट शास्त्रीनगर में ज्वेलरी की दुकान में लूट करने से पहले बदमाशों ने सटीक रेकी की थी। जैसे ही दुकान से दोनों नौकर खाना खाने के लिए बाहर गए, बदमाश दुकान में अंदर घुस गया। शास्त्रीनगर में दुकानों के बाहर लगे कई सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में बदमाश घूमते हुए दिखाई दे रहा है।
शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट में सराफ सौरभ गर्ग की दुकान से मंगलवार को एक बदमाश तीन लाख कीमत की 12 अंगूठी लूटकर भाग गया था। इस मामले में पुलिस 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लगा पाई। बुधवार को मार्केट के व्यापारियों ने दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। जिसमें बदमाश अपने दूसरे साथी के साथ बाइक पर घूमता हुआ दिखाई दे रहा है।
सौरभ की दुकान के पास गली में दोनों बदमाश बाइक पर करीब 10 मिनट तक खड़े थे। दोपहर 2:10 पर सौरभ गर्ग की दुकान पर काम करने वाले दोनों नौकर खाना खाने के लिए गए। तभी बदमाश अकेला दुकान में घुसा। लूट करने वाला बदमाश अपने एक साथी के साथ 11 अगस्त को अंगूठी खरीदने के बहाने आया था। सराफ सौरभ गर्ग ने बुधवार को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी, जिसमें दोनों बदमाश साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस को व्यापरी ने फुटेज दी है।
19500 की अंगूठी खरीदी थी, दे दीजिए
सराफ सौरभ गर्ग ने बताया है कि बदमाश दुकान में करीब 5 मिनट रुका। उसने कहा कि वह 5 दिन पहले 19500 कीमत की अंगूठी देखकर गया था, जो डायमंड की थी। मुझे वही अंगूठी चाहिए। मैंने अपने मोबाइल से फोटो भी खींचा था, लेकिन मोबाइल घर पर भूल आया हूं। सराफ अलमारी से डायमंड की अंगूठी लेने के लिए गए तभी वह अंगूठियों का बॉक्स लेकर भाग गया।
लूट के बाद भी पुलिस की नहीं टूटी नींद
शास्त्री नगर में लूट के बाद भी नौचंदी थाना पुलिस की नींद नहीं टूटी। सराफ की दुकान पर बुधवार को कोई की सुरक्षा के इंतजाम नहीं थे। जिसको लेकर व्यापारियों में नाराजगी भी जताई। व्यापारियों का कहना है कि सेंट्रल मार्केट में भगवान भरोसे सुरक्षा है। बदमाश आते हैं और वारदात कर आसानी से भाग जाते हैं, इसके बावजूद पुलिस गंभीर नहीं है।