आंदोलन कर रहे किसानों से संवाद करें अधिकारी : मंडलायुक्त
मेरठ। किसान जहां भी आंदोलन कर रहे हैं, वहां अधिकारी किसान संगठनों से संवाद करें। मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह ने मंगलवार शाम कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में डीएम-एसएसपी को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने कहा कि किसानों की विद्युत, सिंचाई, खाद, बीज आदि समस्याओं का समाधान करें। किसान सम्मान निधि, किसान दुर्घटना बीमा योजना, अविवादित विरासत दर्ज कराएं, लाभकारी योजनाओं का पात्र व्यक्तियों को लाभ दिलाएं। जनपद के वरिष्ठ अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम चौपाल लगाएं, जिसमें जिलाधिकारी, एसएसपी, एसडीएम, एसपी, सीओ स्तर के अधिकारी शामिल हों। शहरी क्षेत्रों में भी मोहल्ला चौपाल लगाएं। नवरात्र, रामलीला मंचन, रामनवमी, दशहरा, ईद उल मिलाद उन नबी (बारावफात), वाल्मीकि जयंती को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतें। रामलीला मंचन की समाप्ति पर रात्रि के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए समुचित व्यवस्था कराएं। पटाखों की रोकथाम के लिए प्रभावी अभियान चलाएं। शस्त्र लाइसेंसधारियों का सत्यापन कराएं। जिन लोगों को खतरा है, उन्हें शस्त्र लाइसेंस दें। शराब की दुकानों पर अधिक वसूली न हो।