मुन्ना बजरंगी हत्याकांड में पुलिस अभी तक हत्या की वजह भी तलाश नहीं कर सकी है। सुपारी देकर हत्या कराने, बजरंगी की उत्तराखंड में प्रापर्टी के धंधे में बढ़ती गतिविधियां, पूर्वांचल की जेल में बंद रहने के दौरान राठी के भाई अरविंद राठी के साथ मारपीट समेत अन्य बिंदुओं पर पुलिस की जांच चल रही है, लेकिन राठी ने बजरंगी को गोली क्यों मारी, इसकी वजह पुलिस को नहीं मिली है।
जेलर ने कराया था मुकदमा दर्ज
जेलर यूपी सिंह ने खेकड़ा थाने में सुनील राठी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। जेलर का कहना है कि वह अपने ऑफिस में बैठे थे, इस बीच गोलियां चलने की आवाज आई। सुनील राठी ने बजरंगी की हत्या की है। राठी दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है।
जेल में कैसे पहुंची पिस्टल
पुलिस अभी तक इस बात का पता भी नहीं लगा सकी है कि जिला कारागार में पिस्टल कैसे पहुंची। सुनील राठी ने हत्या के बाद कहा था कि बजरंगी खुद ही पिस्टल लेकर पहुंचा था। लेकिन पुलिस की तमाम जांच के बावजूद यह सवाल अभी भी अधूरा है।
सियासी षडयंत्र में फंसाया गया: धनंजय सिंह
पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कहा कि उन्हें सियासी षड्यंत्र में फंसाया गया। वारदात से उनका कोई लेना देना नहीं है। कुछ लोग राजनीतिक लाभ लेने के लिए उन्हें फंसाना चाहते हैं। हत्याकांड से उनका कोई वास्ता नहीं है। अपना पक्ष रखने के लिए ही वह आए थे। इसके अलावा उन्हें कुछ नहीं कहना।
सुनील राठी को रिमांड पर लिया
थाना खेकड़ा के प्रभारी एसपी सिंह ने बताया कि तिहाड़ जेल में बंद सुनील राठी को कोर्ट से 19 सितंबर तक के लिए रिमांड ले लिया गया है। रिमांड के दौरान राठी से बजरंगी हत्याकांड के मामले में पूछताछ होगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/