सिलिंडर लीक होने से मस्जिद में लगी आग, लोगों ने आग पर पाया काबू
सरधना। पुलिस चौकी बस स्टैंड के निकट मोहल्ला पीरजादगान स्थित मस्जिद में शनिवार सुबह नाश्ता तैयार करते समय गैस सिलिंडर लीक होने से आग लग गई। मस्जिद के भीतर से आग की लपटें व धुआं उठते देख अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। लेकिन इससे पहले ही लोगों ने आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि आग से मस्जिद में ज्यादा नुकसान नहीं हुआ।
मोहल्ला पीरजादगान स्थित मस्जिद में जौनपुर से आई 12 सदस्यीय जमात ठहरी हुई है। जमात में आए लोग मस्जिद के अंदर बने रसोईनुमा कमरे में चाय नाश्ता व खाना तैयार करते है। शनिवार को नाश्ता तैयार करने के लिए जौनपुर निवासी जमाती शफीकुद्दीन गैस चूल्हा जलाया तो पहले लीक सिलिंडर ने आग पकड़ ली। पास में ही कुछ फर्नीचर रखा हुआ था, उसमें भी आग लग गई। मस्जिद के अंदर से आग व धुआं उठते देख आसपास में अफरातफरी मच गई। लोगों ने आग पर काबू पाने के लिए पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। पुलिस व फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पूर्व ही लोगों ने आग पर काबू पा लिया।