हो रही थी बदनामी, इसलिए सलीम को मार डाला
मेरठ। सदर बाजार के भूसा मंडी में तीन जुलाई की रात हुए सलीम हत्याकांड का सोमवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। हत्यारोपी मोहसिन को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया। मोहसिन ने कहा कि लगातार हो रही बदनामी के डर से उसने बहन के प्रेमी सलीम को मार डाला था। इस दौरान मोहसिन के चेहरे पर कोई पछतावा नजर नहीं आया।
इंस्पेक्टर विजेंद्र पाल राणा ने बताया कि भूसा मंडी निवासी सलीम का क्षेत्र की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के भाई मोहसिन को इसकी भनक लगी तो उसने विरोध किया। तीन जुलाई की रात मोहसिन ने अपने ही घर पर सलीम को बहन से बात करते देख लिया था। वह घर के बाहर छिप गया। बाद में मौका मिलते ही सलीम के सिर से तमंचा सटाकर गोली मार दी और फरार हो गया।
सलीम की हत्या के बाद पुलिस उसे ढूंढ रही थी। रविवार शाम पुलिस को आरोपी के सिटी रेलवे स्टेशन पर होने की सूचना मिली। घेराबंदी कर पुलिस ने उसे दबोच लिया। एमएच रोड से हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया गया। आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात सलीम घर आया और उसकी बहन को जबरन साथ ले जाने का प्रयास किया। इसके बाद ही उसने सलीम की हत्या का प्लान बनाया था।
--
हत्या के बाद मुजफ्फरनगर और दिल्ली में रहा मोहसिन
इंस्पेक्टर ने बताया कि हत्या करने के बाद मोहसिन एमएच रोड पर पहुंचा और एक झाड़ी में तमंचा छिपा दिया। वह दो दिन शहर में ही रहा। इसके बाद वह मुजफ्फरनगर और दिल्ली भी रहा। शनिवार को ही वह लौटा था। पुलिस ने उसकी लोकेशन निकाली और दबोच लिया।