मुजफ्फरनगर जिले के सिखेड़ा निवासी जॉनी (41) मजदूरी करता है। पत्नी बबीता (37) व चार बच्चों सारिका (10) , निहारिका (8), गोलू (6) और कल्लू (5) के साथ मोदीपुरम की जनता कॉलोनी में एक मकान में किराए पर रहता है।
बताया गया कि शनिवार शाम बच्चे कमरे में खेल रहे थे। कमरे में बेड पर तार बिखरे हुए थे और बच्चे मोबाइल का चार्जर बिजली के बोर्ड में लगा रहे थे। चार्जर लगाने के दौरान शॉर्ट सर्किट हो गया। तारों में आग लगने से मोबाइल में धमाका हुआ और बेड में आग लग गई।
थाना प्रभारी मन्नेश कुमार का कहना है कि उपचार के दौरान सारिका और कल्लू समेत चारों बच्चों ने दम तोड़ दिया है। परिजन पहले पोस्टमार्टम के लिए मना कर रहे थे लेकिन अब पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पिता जॉनी का मेडिकल में उपचार चल रहा है। उसकी भी हालत नाजुक बनी हुई है।
एसपी सिटी आयुष विकरम सिंह ने बताया कि शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। बच्चे और दंपती बुरी तरह से झुलस गए थे। इनमें चारों बच्चों की मौत हो गई है।
यह भी पढ़ें: Meerut : होली को लेकर अलर्ट जारी, DJ पर बजाए ये गाने तो नहीं खैर; हुड़दंगियों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
बताया गया कि मृतक बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। डीएम दीपक मीणा ने बताया कि सिटी मजिस्ट्रेट से पूरे प्रकरण की रिपोर्ट मांगी है। शासन को आर्थिक सहायता के लिए रिपोर्ट भेजी गई।