13 जनवरी को मेगा कैंप लगाकर कराएं टीकाकरण : कमिश्नर
मेरठ। मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह ने मंगलवार रात सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के साथ कोविड की रोकथाम को लेकर वीडियो कांफ्रेंस की। 13 जनवरी को प्रत्येक जनपद में एक या एक से अधिक स्थानों पर सुपर-मेगा वैक्सीनेशन कैंप लगाने को कहा है। सभी जनपदों में 25 जनवरी तक शत-प्रतिशत प्रथम डोज पूर्ण कराने के निर्देश दिए। दूसरी डोज भी कम से कम 80 प्रतिशत लगाने का लक्ष्य दिया।
मेरठ मंडल में पहले चरण में 10 फरवरी को मतदान होगा। ऐसे में सभी मतदान कर्मियों और फ्रंट लाइन वर्कर को 25 जनवरी तक बूस्टर डोज देने को कहा है। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रथम डोज के अंतर्गत बुलंदशहर में अभी 86 प्रतिशत, मेरठ में 88 प्रतिशत, हापुड़ में 90 प्रतिशत, बागपत में 94 प्रतिशत तथा गाजियाबाद में 96 प्रतिशत वैक्सीनेशन किया गया है।
द्वितीय डोज में बुलंदशहर में सबसे कम 51.64 प्रतिशत, हापुड़ में 55.77 प्रतिशत, मेरठ में 55.77, गाजियाबाद में 66.42, बागपत में 72.22 तथा गौतमबुद्धनगर में 89.32 प्रतिशत वैक्सीनेशन किया गया है।
मेरठ मंडल में एक्टिव मामलों की संख्या 16221 पहुंच गई है। इनमें सबसे ज्यादा केस 6125 गाजियाबाद में, गौतमबुद्घनगर में 5780, मेरठ में 3225, बुलंदशहर में 576, बागपत में 365 और हापुड़ में 150 केस 10 जनवरी तक आ चुके हैं। गौतमबुद्धनगर, हापुड़ तथा बागपत में टेस्टिंग के मानक पूर्ण नहीं होने पर कड़ी चेतावनी देते हुए बुधवार से टेस्टिंग के मानक पूर्ण करने को कहा।
मंडलायुक्त ने कहा कि मतदान कर्मियों की सूची प्राप्त कर आईसीसीसी कंट्रोल रूम से वैक्सीनेशन पूर्ण कराने-बूस्टर डोज हेतु सूचित कराएं। सभी राजनैतिक दलों के साथ बैठक कर उनकी ओर से मतदान हेतु नामित किए जाने वाले एजेंट का वैक्सीनेशन अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने को कहा। सभी स्कूलों संचालकों के साथ बैठक में उनके यहां 15-17 आयु वर्ग के छात्रों के वैक्सीनेशन की स्थिति की समीक्षा करने को कहा है। मंडलायुक्त द्वारा अभिभावकों से अपील की गई कि अपने ऐसे बच्चों का वैक्सीनेशन जल्द करा लें।