मेरठ के सीसीएसयू में शुरू हुए तीन दिवसीय आयुर्वेद महासम्मेलन में उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कानून व्यवस्था पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पीठ थपथपाई। कहा कि ऐसा लगता था कानून व्यवस्था काबू नहीं आएगी, मगर न सिर्फ काबू आई, बल्कि काबू करने की जड़े भी मजबूत हो गई हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को भी सराहा। कहा कि दुनिया में अब भारत का डंका बज रहा है, जो प्रधानमंत्री की दूर-दर्शिता का परिणाम है।
उन्होंने कहा आज दुनिया भर में हर विषय पर भारत क्या सोचता है, इसका इंतजार किया जाता है। कोरोना काल में 140 करोड़ लोगों के लिए किए गए प्रयास और जनता कर्फ्यू का निर्णय बहुत कारगर रहा। दुनिया अचंभित थी कि कैसे भारत ने कोरोना को काबू कर लिया। देश में बड़े पैमाने पर जनता को नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिए गए हैं। एक अप्रैल 2020 से गरीबों को नि:शुल्क राशन दिया जा रहा है। सफाई के मामले में देश में क्रांतिकारी बदलाव हुए हैं।