फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेरठ: बुखार से दो की मौत, डेंगू के 22 मरीज मिले, कोरोना से बचाव के लिए आज से रात में भी करा सकेंगे टीकाकरण

Mon, 01 Nov 2021 12:04 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ

सार

मेरठ जिलाधिकारी के. बालाजी ने रविवार को चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर डेंगू पर नियंत्रण और कोरोना के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने बाहर के राज्यों से आने वाले यात्रियों की जांच तेज करने को कहा।
विज्ञापन
dengue in meerut - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मेरठ में डेंगू का डंक थमने का नाम नहीं ले रहा। रविवार को सरधना के बपारसी गांव में शिक्षामित्र प्रदीप (40) और महिला चंचल (25) की बुखार से मौत हो गई। जिले में डेंगू के 22 नए मरीज सामने आने के बाद सक्रिय केस 299 हो गए हैं। इनमें से 71 अस्पतालों में और 228 घर पर ही इलाज करा रहे हैं।डेंगू के 1316 में से 1017 मरीज ठीक हो चुके हैं। 
विज्ञापन


चंचल और शिक्षा मित्र प्रदीप की मौत इलाज के दौरान मेरठ के अस्पतालों में हुई। बपारसी के प्रधान सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि डॉक्टरों ने दोनों को डेंगू बताया था। उधर सरूरपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. ओपी जायसवाल ने बताया कि बुखार से मौत की पुष्टि हुई है। सोमवार को जांच के लिए गांव में टीम जाएगी। 

नए मरीज जयभीमनगर, कंकरखेड़ा, मलियाना, लल्लापुरा, राजेंद्रनगर, जाहिदपुर और जाकिर कालोनी, दौराला, माछरा, मवाना, परीक्षितगढ़, रजपुरा, रोहटा, सरधना और सरूरपुर के रहने वाले हैं। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि जहां मरीज मिल रहे हैं, वहां फॉगिंग और एंटी लार्वा स्प्रे कराया जा रहा है। शहर में इस सीजन में सबसे ज्यादा डेंगू के116 मरीज मलियाना और 80 कंकरखेड़ा मे मिले हैं, जबकि देहात में रोहटा में 96 और मवाना में 86 मिले हैं।
विज्ञापन


 यह भी पढ़ें: खुशखबर: दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारे से जुड़ेगा मेरठ, सीधे मुंबई पहुंचेगा सामान, समय और किराए की होगी बचत
 
विज्ञापन

जिलाधिकारी के. बालाजी ने रविवार को चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर डेंगू पर नियंत्रण और कोरोना के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोविड-19 संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान उपलब्ध सुविधाओं में आवश्यक सुधार, ऑक्सीजन की सप्लाई और आवश्यक स्टाफ  की उपलब्धता सुनिश्चित रखें। पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम को भी सक्रिय कर नियमित रूप से कोरोना, डेंगू मच्छर के बचाव के संबंध में जनता को जानकारी दी जाए।

डीएम ने कहा कि विकास भवन, स्थानीय निकायों के बचत भवन, कलेक्ट्रेट तथा नगर निगम क्षेत्र के लिए नगर निगम कार्यालय में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित कर उस पर तीन शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। बैठक में एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य, एनसीआर मेडिकल कॉलेज, सुभारती मेडिकल कॉलेज, आईएमए और नर्सिंग होम एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल रहे।

डीएम ने अपर जिलाधिकारी नगर, अपर जिलाधिकारी प्रशासन और पुलिस अधीक्षक यातायात को निर्देशित किया कि आगामी त्योहारी सीजन में बाजारों में मास्क की अनिवार्यता के लिए जनता को प्रोत्साहित किया जाए। मेडिकल कॉलेज के सभी बेड पर पाइप लाइन से ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जाए। 

बाहर के राज्यों से आने वालों की होगी जांच 
सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने बाहर के राज्यों से आने वाले यात्रियों की जांच तेज करने को कहा। मंडलीय सर्विलांस अधिकारी डॉ. अशोक तालियान ने नर्सिंग होम एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि डेंगू और कोरोना नियंत्रण में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि डेंगू के वे मरीज, जिनकी स्थिति सामान्य दिखाई देती है, उन्हें प्लेटलेट्स की आवश्यकता नहीं रहती है।

3300 लोगों की जांच हुई कोरोना का एक मरीज मिला 
शनिवार को जिले में कोरोना के 10 मरीज मिलने के बाद रविवार को रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर बाहर से आने वाले 100 से ज्यादा यात्रियों की जांच की गई। गनीमत रही कि कोई यात्री  संक्रमित नहीं मिला। हालांकि त्योहारी सीजन में रोजाना बस अड्डों पर जांच होगी। कोरोना के मामलों में रविवार को राहत रही। 3302 सैंपलों की जांच की गई, जिनमें कोरोना का सिर्फ एक मरीज मिला। शहर के अस्पतालों में चार संक्रमित भर्ती हैं और चार होम आइसोलेशन में हैं। मंडलीय सर्विलांस अधिकारी डॉ. अशोक तालियान का कहना है कि जिस निजी लैब में शनिवार को मिले 10 नए लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, उनसे सैंपल मांगे गए हैं। इनकी जांच फिर से मेडिकल कॉलेज में भी कराई जाएगी। जो महिला दुबई गई है, उसकी मेडिकल कॉलेज की लैब में रिपोर्ट नेगेटिव है, उसी के आधार पर दुबई गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें