मंगलवार शाम को पुलिस ने सातवें आरोपी अभिषेक भाटी को जागृति विहार में मंशा देवी मंदिर के पास स्थित मकान से गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर मेडिकल संतशरण सिंह ने बताया कि अभिषेक समाजवादी पार्टी से जुड़ा है। उसकी पहचान वीडियो फुटेज से हुई थी। उसने मेडिकल थाने में बवाल कराया था। उसका संबंध सपा के वरिष्ठ नेता से है। आज आरोपी अभिषेक को कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि मामले में दो और आरोपी चिह्नित हुए हैं। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
पुलिस बोली- बवाल में अभिषेक रहा आगे
हंगामा और बैनर लगाने में भाजपा कार्यकर्ता आगे थे। इसकी वीडियो और फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। अभिषेक की गिरफ्तारी होने के बाद पुलिस अब समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं पर ठीकरा फोड़ने में लग गई है।
पुलिस कह रही कि बवाल कराने में अभिषेक सबसे आगे था। पुलिस ने अभिषेक के साथ पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर, ओमपाल गुर्जर के साथ बैनर वाला फोटो भी वायरल किया है। इस पूरे मामले में सपा कार्यकर्ताओं की भूमिका पर पुलिस ने सवाल उठाए हैं।