दोस्त के साथ मिलकर पति ने की हैवानियत, घर से निकाला
टीपीनगर क्षेत्र की रहने वाली महिला ने अपने पति और उसके दोस्त पर हैवानियत करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि उसकी अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी जा रही है। पीड़िता को पति ने बैट से पीटकर घर से निकाल दिया है।
सोमवार को पीड़िता ने एसएसपी दफ्तर पहुंचकर प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों पर कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसएसपी के निर्देश पर अब ब्रह्मपुरी एएसपी अंतरिक्ष जैन मामले की जांच करेंगे। पीड़िता महिला ने बताया कि उसका पति लोडिंग वैन चलाता है।
आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले पांच लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। वे उसके साथ मारपीट करते हैं। आरोप है कि तीन दिन पहले उसके पति ने अपने एक दोस्त को घर पर बुलाया। आरोप है कि पति और उसके दोस्त ने महिला के हाथ-पैर बांधकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाया। इसे वायरल करने की धमकी दी गई। पति ने उसे पीटकर घर से निकाल दिया। उधर, एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा का कहना है कि इस मामले में ब्रह्मपुरी एएसपी को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
भावनपुर में दो बहनों के साथ छेड़छाड़
भावनपुर थाना क्षेत्र में कुछ युवकों ने दो बहनों के साथ छेड़छाड़ की। इसके बाद घर में घुसकर मां पर तमंचा तान दिया और तोड़फोड़ की। इस मामले में सोमवार को दोनों बहनें अपनी मां के साथ एसएसपी दफ्तर पहुंचीं और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित युवतियों ने बताया कि वह 10 अक्टूबर को जेल चुंगी से दशहरे मेला देखकर घर लौट रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान क्षेत्र के ही कुछ युवकों ने उनकी स्कूटी रोककर उनसे छेड़छाड़ की। वे किसी तरह घर पहुंचीं तो आरोपी वहां तक भी पहुंच गए।
उन्होंने घर में घुसकर युवतियों की मां की कनपटी पर तमंचा तान दिया और घर में तोड़फोड़ की। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया था, लेकिन कुछ देर बाद ही उसे छोड़ दिया। उधर, एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा का कहना है कि मामले में सीओ सदर देहात को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।