मेरठ स्टेशन पर ही नाश्ता बनाया जाता है, जिसे यात्रियों को यात्रा के दौरान दिया जाता है। सोमवार को भी वंदे भारत ट्रेन संख्या 22490 मेरठ से लखनऊ के लिए चली थी। मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से आगे जब ट्रेन पहुंची तो आईआरसीटीसी के कर्मचारियों की ओर से यात्रियों को नाश्ते में उपमा दिया गया।
ट्रेन में सफर कर रहे देवेंद्र सिंह नामक यात्री की ओर से सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया गया। जब उन्होंने उपमा का पैकेट खोला तो उसमें काले रंग के कीड़े निकले।
देवेंद्र ने इसकी शिकायत रेलवे अधिकारियों से करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, नाश्ते में दिए गए चार पैकेट में से तीन पैकेट में कीड़े निकले हैं। शिकायत पर कई यूजर ने प्रतिक्रिया दी, लिखा कि इतनी महंगी ट्रेन में सफाई और यात्रियों की सेहत का ख्याल नहीं रखा जा रहा।
रेलवे अधिकारियों को यह कहना है कि वंदे भारत ट्रेन आईआरसीटीसी के अंडर में है, नाश्ता भी वो ही देते हैं। हमें इसकी जानकारी नहीं है। आईआरसीटीसी के अधिकारी जवाब देने से पूरे दिन बचते रहे। देर शाम आईआरसीटीसी की ओर से मैनेजर अमित कुमार ने बताया कि सोमवार को नाश्ते में उपमा ही दिया गया था। कीड़े निकलना दुखद है। इसे गंभीरता से लिया जाएगा।