पांच लाख रुपये के इनामी मोस्टवांटेड बदन सिंह बद्दो को जहां देशभर की पुलिस तलाश कर रही है, वहीं उसने इंस्टाग्राम पर एक बार फिर पोस्ट अपलोड की है। बद्दो लगातार इंस्टाग्राम पर पोस्ट अपलोड कर रहा है और पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं कर पा रही है।
मेरठ में टीपीनगर के बेरीपुरा निवासी बदन सिंह बद्दो आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। पूर्वांचल की जेल से 28 मार्च 2019 को वह गाजियाबाद कोर्ट में पेशी पर आया था। पुलिसकर्मियों से साठगांठ कर वह मेरठ में दिल्ली रोड स्थित होटल में शराब पार्टी करने के बाद फरार हो गया था। इसके बाद से उसकी लोकेशन इंस्टाग्राम आदि की पोस्ट के जरिए विदेश में आ रही है। बद्दो की 10 करोड़ से अधिक की संपत्तियों को पुलिस जब्त कर चुकी है।