मेरठ जनपद के शास्त्री नगर में मां का इलाज कराने आए युवक को अस्पताल की नर्स से एकतरफा प्यार हो गया। इश्क का ऐसा भूत चढ़ा की उसने नर्स के साथ छेड़छाड़ कर दी और फिर जबरन शादी का दबाव बनाने लगा। आरोपी को नर्स और उसके अन्य स्टाफ ने पीटा और फिर पुलिस को सौंप दिया।
जगदंबा अस्पताल में काम करने वाली एक नर्स का कहना है कि छह माह पूर्व एक महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी मरीज का बेटा तीमारदार होने के चलते अस्पताल में ही रहता था। युवक तभी से पीछा करता था। वह आए दिन शादी करने के लिए दबाव बनाता रहता है।
नर्स का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से जब भी वह शाम के समय अपने घर जाती थी तो आरोपी पीछा करता था। इसकी जानकारी उसने अस्पताल के मालिक और मैनेजर को दी थी और जान को खतरा बताया था। इसी के चलते पिछले कुछ दिनों से आरोपी की धरपकड़ के लिए प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: सपना ने तोड़ा रिकॉर्ड: सभी प्रत्याशियों को पीछे छोड़ खर्च किए 22 लाख, देखें चुनावी खर्चे की पूरी लिस्ट
वहीं गुरुवार शाम को भी आरोपी ने के-ब्लॉक पर नर्स का रास्ता रोका और फिर से अभद्रता की। इस दौरान अस्पताल के दो कर्मी भी आसपास ही मौजूद थे और धरपकड़ के लिए लगे थे। नर्स ने बीच रास्ते पर आरोपी को चप्पल से पीटना शुरू कर दिया और इसी दौरान भीड़ जमा हो गई। इसके बाद अस्पताल के बाकी स्टाफ ने आरोपी को दबोच लिया।
यह भी पढ़ें: भयावह तस्वीरें: भाई-बहन की मौत से फटा मां का कलेजा, गांव में पसरा मातम, विदेश में जन्मे थे समीर और माह
उधर, कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी को मेडिकल पुलिस के हवाले किया गया है। एसपी सिटी विनीत भटनाकर ने बताया कि मामले की जानकारी पर डायल 112 पहुंची थी और आरोपी को थाने ले आई है। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी।