सलावा झाल बनेगी पिकनिक स्पॉट, हाइड्रो पावर प्लांट घूमेंगे छात्र
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए सलावा झाल को पिकनिक स्पॉट बनाया जा रहा है। इसके साथ यहां झाल पर स्थित हाइड्रो पावर प्लांट को स्कूली छात्र-छात्राओं के शैक्षिक भ्रमण के रूप में विकसित किया जा रहा है। कमिश्नर सुरेंद्र सिंह ने दोनों कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
मेजर ध्यानचंद खेल विवि के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों को 31 दिसंबर तक पूरा किया जाना है। सोमवार को एडीजी, कमिश्नर, आईजी, डीएम-एसएसपी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सलावा झाल पुलिस चौकी में सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
दूसरे जिलों से आएंगे 15 हजार खिलाड़ी
डीएम के. बालाजी ने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 25 खिलाड़ियों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शनी का भी आयोजन होगा। इसमें स्पोर्ट्स इंडस्ट्री के स्टाल और अन्य स्टाल लगेंगे। खेल विवि का मॉडल भी प्रदर्शित किया जाएगा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना आदि के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित करेंगे। दूसरे जिलों से 15 हजार खिलाड़ी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आएंगे।
यह भी पढ़ें: भयावह हादसे की तस्वीरें: मातम में बदलीं बर्थडे की खुशियां, बेटे का शव देख बेहोश हुई मां, डॉक्टर बनने का सपना चकनाचूर
मुख्य मार्गों की सफाई में जुटा नगर निगम
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए नगर निगम भी मुख्य मार्गों पर सफाई व्यवस्था में जुट गया है। सोमवार को अपर नगरायुक्त ममता मालवीय, सहायक नगरायुक्त ब्रजपाल सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गजेंद्र सिंह ने सफाई कर्मचारियों को साथ लेकर बाईपास पर सफाई अभियान चलाया।
परिवहन विभाग से मांगी एक हजार बसें
कार्यक्रम में भीड़ लाने के लिए एक हजार बसों की मांग की गई है। इससे परिवहन विभाग के अधिकारियों के पसीने छूट गए हैं। अधिकारियों ने गुणा-भाग लगाना शुरू कर दिया है।
अधिकारियों के मुताबिक शहर से संचालित होने वाली सभी प्राइवेट बसों के अलावा स्कूली बस और रोडवेज की अनुबंधित बसों के साथ ही डग्गामार बसों को भी कार्यक्रम में लगाया जाएगा। मेरठ से मवाना, बिजनौर, किला परीक्षितगढ़, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत आदि रूटों पर चल रही प्राइवेट बसों के साथ ही रोडवेज की सभी 230 अनुबंधित बसों को भी लिया जाना है। बसों की व्यवस्था 29 दिसंबर तक पूरी करनी है। बसों के रूट से हटकर कार्यक्रम में लगने के चलते यात्रियों को दो जनवरी में कोई बस नहीं मिलेगी। आरटीओ हिमेश तिवारी का कहना है कि कार्यक्रम के लिए करीब एक हजार बसों की मांग की गई है। विभाग बसों की व्यवस्था में जुटा है।