ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी शनिवार को मेरठ में नगर निगम में पार्षद रहे जुबैर के परिजनों को सांत्वना देने के लिए ढबाई नगर पहुंचे। ओवैसी ने प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि ठोक दो बाबा की पुलिस जुबैर के कातिलों को गिरफ्तार नहीं करेगी।
शहर में 28 अगस्त को दिनदहाड़े पार्षद जुबैर का कत्ल हुआ था। जुबैर की पत्नी ने हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए धरना भी दिया था। किठौर में जनसभा से पहले ओवैसी जुबैर के घर पहुंचे। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर भी जुबैर के परिजनों से मुलाकात की तस्वीर साझा की।
इसके बाद किठौर में ओवैसी ने कहा कि अखिलेश यादव का वोटर मोदी की गोद में बैठकर चाय पी रहा है। अखिलेश के घर नारेबाजी नहीं होती, हमारे घरों पर होती है। अखिलेश जेल नहीं जाएंगे वहां भी हमें ही जाना होगा। अखिलेश तो यादव युवाओं को ग्रेजुएट बना देंगे, लेकिन हमारे बच्चे नहीं होंगे। ओवैसी ने कहा मैं मजलिस के लिए वोट की भीख मांगने आया हूं। प्रदेश में 19 प्रतिशत मुसलमान हैं, एकजुट हो गए तो तुम्हारे बिना प्रदेश में एक भी फैसला लेना मुमकिन नहीं होगा। एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली, अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन, उनका बेटा मोहम्मद अली, नगर अध्यक्ष नौशाद कुरैशी, तसलीम फौजी, नवेद गाजी, इफ्तकार, हम्माद आजम, असजद हयाती, फहीम एडवोकेट, हाजी नौशाद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: बड़ी कार्रवाई: कबाड़ी हाजी गल्ला की पांच करोड़ की संपत्ति जब्त, मुनादी के बाद अफसरों ने लगाई मकान-गोदाम पर सील
मुनकाद के करीबी नौफिल रूमानी पार्टी में शामिल
औवेसी की सभा में शनिवार को सपा बसपा और कांग्रेस के दर्जनो समर्थक पार्टी छोडकर एआईएमआईएम में शामिल हुए। इसमें सबसे करीबी बसपा सांसद मुनकाद अली के करीबी रहे नौफिल रूमानी का नाम भी है। इसके अलावा अन्य जिलो से सपा, बसपा और भीम आर्मी के समर्थको ने औवेसी की पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
यह भी पढ़ें: पति-पत्नी की मौत: घर से एक साथ उठीं अर्थी तो हर किसी की आंखें हुईं नम, बेटे ने एक ही चिता पर दी मुखाग्नि, तस्वीरें