मेरठ में गढ़ रोड स्थित होटल ब्रॉडवे इन के मालिक कमर अहमद काजमी को एसटीएफ लखनऊ की टीम ने बृहस्पतिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। काजमी पर फर्जी ईवे बिल बनाकर करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी का आरोप है। काजमी मारे जा चुके माफिया अतीक अहमद का दूर का रिश्तेदार भी है। एसटीएफ और आयकर विभाग उसके विदेशी संपर्कों की जांच कर रहे हैं।
सदर बाजार थाना क्षेत्र के वेस्ट एंड रोड निवासी काजमी ने गढ़ रोड पर होटल ब्रॉडवे इन बनाया था। हाल में एसटीएफ लखनऊ को सूचना मिली थी कि काजमी ने ईवे बिल में धोखाधड़ी कर करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी की है। जांच में कई आरोप सही पाए जाने पर बृहस्पतिवार देर रात एसटीएफ ने काजमी को गिरफ्तार कर सिविल लाइन थाना पुलिस को सौंप दिया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।