मेरठ के ब्रह्मपुरी थानाक्षेत्र निवासी एक महिला ने गुरुवार को हस्तिनापुर में तैनात दरोगा अरुण कुमार पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए एसएसपी ऑफिस पर हंगामा कर दिया। युवती का आरोप है कि दरोगा ने पिस्टल के बल पर उससे चार साल तक दुष्कर्म किया। वहीं इस मामले में एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने जांच बैठा दी है और एसपी देहात से रिपोर्ट मांगी है।
जानकारी के अनुसार ब्रहम्पुरी थानाक्षेत्र निवासी एक युवती ने गुरुवार को एसएसपी ऑफिस पर पहुंचकर हंगामा कर दिया। युवती का आरोप है कि दरोगा अरुण कुमार हस्तिनापुर थाने की भद्रकाली चौकी इंचार्ज उसके साथ चार साल से दुष्कर्म करता आ रहा है।
यह भी पढ़ें: जेब पर असर: महंगाई से मेरठ पर हर दिन बढ़ा 3.5 करोड़ का बोझ, प्याज के दाम पहुंचे 60 रुपये किलो
महिला ने आरोप लगाया कि पिछले चार साल से दरोगा पिस्टल दिखाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे रहा है। वह कभी घर पर, तो कभी होटल में ले जाकर वारदात करता है।
पीड़िता ने बताया कि चार साल पहले माधवपुरम से उसकी स्कूटी चोरी हुई थी। इसी दौरान उसकी दरोगा से मुलाकात हुई, जिसके बाद वह लगातार फोन पर बात करता रहा। दरोगा ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधवपुरम और फिर शॉप्रिक्स माल चौकी का इंचार्ज भी रहा है। अब फिलहाल हस्तिनापुर थाने में तैनात है।
दरोगा पर दर्ज होगा मुकदमा : एसएसपी
इस मामले में संज्ञान लिया गया है। इससे संबंधित एक मुकदमा पूर्व में भी कुछ मीडियाकर्मियों के खिलाफ दर्ज है, जिसमें चार्जशीट कोर्ट में दाखिल हो चुकी है। अब महिला ने दरोगा अरुण पर गंभीर आरोप लगाए हैं, इसमें भी मुकदमा दर्ज होगा। पूर्व मुकदमे की भी जांच होगी। एसपी देहात को जांच सौंपी है। जांच रिपोर्ट के बाद दरोगा पर कार्रवाई होगी।
- प्रभाकर चौधरी, एसएसपी