भारत बंद के दौरान आज किसान संगठन जिले में 14 जगह चक्का जाम करेंगे। व्यापारियों ने भी भारत बंद का समर्थन करते हुए बाजार बंद रखने का आह्वान किया है। इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर सभी कुछ बंद रखने का एलान किया गया है।
तीन कृषि कानूनों की वापसी और एमएसपी को कानूनी जामा पहनाने की मांग को लेकर पिछले दस महीने से किसान संगठन आंदोलन कर रहे हैं। आज आंदोलन को चलते हुए दस महीने पूरे होने जा रहे हैं। इसे देखते हुए संयुक्त किसान मोर्चा ने सोमवार को भारत बंद की घोषणा की हुई है। जिल में भाकियू ने 13 स्थानों पर और जय किसान आंदोलन ने एक जगह चक्का जाम करने का एलान किया है।
इस बारे में रविवार को संयुक्त किसान मोर्चा और व्यापारी संगठनों की साझा प्रेस वार्ता अपार चैंबर में हुई। भाकियू के निवर्तमान जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी, प्रवक्ता बबलू जिटौली और मेरठ व्यापार मंडल के अध्यक्ष जीतू नागपाल और शैंकी वर्मा ने बताया कि भारत बंद के दौरान जिले को चारों तरफ से चक्का जाम करके बंद कर दिया जाएगा। सुबह छह बजे से शाम 4 बजे तक चक्का जाम किया जाएगा। जीतू नागपाल ने बताया कि व्यापारी बाजारों में जाकर बाजार बंद कराएंगे। हम व्यापारी भी किसानों के बगैर बेकार है। किसान साल में 365 दिन काम करके देश के लोगों को पेट भरने के लिए परिश्रम करते हैं।
ये है चक्का जाम के प्वाइंट
एनएच-58 पर सिवाया टोल प्लाजा, सकौती और परतापुर तिराहा, मेरठ-करनाल रोड पर जंगेठी, दबथुआ, भूनी चौराहा और रिठाली, मेरठ-पौड़ी हाईवे पर बहसूमा और छोटा मवाना, बना-मसूरी, मेरठ-बागपत रोड पर जानी, मेरठ-बड़ौत मार्ग पर पूठ गंगनहर और किला-गढ़ रोड तिराहा व भटीपुरा गांव के सामने चक्का जाम किया जाएगा।
इमरजेंसी सेवाओं को नहीं किया जाएगा बाधित
चक्का जाम के दौरान सभी इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेगी। एंबुलेंस और स्कूल बस को नहीं रोका जाएगा। मेडिकल स्टोर, अस्पताल, फायर वाहन आदि भी बंद से बाहर रहेंगे।
बर्दाश्त नहीं करेंगे किसानों का उत्पीड़न : ठाकुर पूरन सिंह
किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संगठन के कार्यकर्ताओं का ट्रैक्टर काफिला रविवार को सिवाया टोल प्लाजा होते हुए कमिश्नरी पार्क पहुंचा। संगठन के अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह ने कहा कि किसानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेंगे। केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों का लगातार उत्पीड़न कर रही है। बिजली की दर लगातार बढ़ाई जा रही है।
किसानों के लोन माफ नहीं किए गए। डीजल व खाद पर भी दाम बढ़ रहे हैं। संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं कमिश्नरी पार्क पर डेरा डाल दिया है। यह यात्रा दो अक्तूबर को राजघाट दिल्ली पहुंचेगी। टोल की एक लेन से किसानों का पैदल मार्च निकला और दूसरी लेन पर ट्रैक्टर खड़े रहे। जिस कारण सिवाया टोल प्लाजा पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। ट्रैक्टर काफिला गुजर जाने के बाद भी घंटों तक टोल पर जाम से वाहन चालकों को जूझना पड़ा।
उद्योग व्यापार संघ ने किया भारत बंद का विरोध
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल मेरठ महानगर की मासिक बैठक मेजर ध्यानचंद्र नगर में हुई। व्यापारियों ने निर्णय लिया कि संगठन बंद का विरोध करेगा। बैठक में संजीव अग्रवाल, कुलदीप गुप्ता, हर्ष बंसल, कपिल गर्ग, रौनक कपूर, शैलब गर्ग, मयंक अग्रवाल, पुनीत बंसल, प्रभात गुप्ता आदि रहे।