किसानों की समस्याओं को लेकर मेरठ पहुंचे राकेश टिकैत।
- फोटो : अमर उजाला
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि कोलकाता में महिला चिकित्सक से दुष्कर्म और हत्या की घटना पर कार्रवाई के लिए देश में कानून और संविधान है। इसके बावजूद इस घटना को पिछले दस दिन से हाईलाइट किया जा रहा है। यह पश्चिम बंगाल सरकार को बदनाम करने और गिराने की साजिश है।
मंगलवार को ऊर्जा भवन में बैठक से पूर्व पत्रकार वार्ता में राकेश टिकैत ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में भी दुष्कर्म और हत्या जैसी घटनाएं हो चुकी हैं, मगर वहां इन मामलों को दबाया जाता रहा है। मणिपुर में ऐसा हो चुका है। वहां के गवर्नर भी पार्टी के एजेंट बन गए। यहां अमरोहा और बिजनौर में भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।
पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश के हालात पर किए गए सवाल पर भाकियू प्रवक्ता ने कहा कि वहां 15 साल से काबिज सत्ता पक्ष ने विपक्षी नेताओं को जेल भिजवाया। उनका शोषण किया। इसलिए वहां विद्रोह हुआ। यहां भी एक दिन बांग्लादेश जैसे हालात हो सकते हैं। यहां भी लोग गुस्से में हैं।
उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के समय जब हम ट्रैक्टर लेकर दिल्ली गए थे तो किसानों को बहलाकर लाल किला भेज दिया गया था। अगर 25 लाख किसान संसद चले जाते तो उस दिन ऐसा ही कांड हो गया होता। इसके साथ ही भाकियू प्रवक्ता ने कहा कि किसानों सहित अन्य वर्ग के लोगों की समस्याओं पर भी सरकार को गंभीर होने की जरूरत है।
https://videocdn.amarujala.com/embed-vod/1SGHdYN